
ग्वालियर, अतुल सक्सेना। मध्य प्रदेश के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी संजय चौधरी (sanjay choudhary) को विजयाराजे सिंधिया एक्सीलेंसी अवार्ड (Vijayaraje Scindia Excellence Award) से सम्मानित किया गया है। देश के प्रतिष्ठित स्कूल AMI शिशु मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार दिया गया। संजय चौधरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी स्कूल में पूरी की थी।
मध्य प्रदेश के जाने-माने पूर्व आईपीएस अधिकारी संजय चौधरी को ग्वालियर में सम्मानित किया गया है। ग्वालियर ही नहीं बल्कि देशभर के प्रतिष्ठित स्कूल AMI शिशु मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर यह सम्मान दिया गया। इस सम्मान समारोह में 600 से ज्यादा विद्यार्थियों ने शिरकत की जिसमें चारों हाउस के विद्यार्थी शामिल थे।
Read More : कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, वित्त विभाग ने जारी किए आदेश, जल्द होगा एरियर का भुगतान, मिलेगा लाभ
इस कार्यक्रम में संजय चौधरी को विजय राजे सिंधिया एक्सीलेंसी अवार्ड 2021 प्रदान किया गया। संजय चौधरी ने सपत्नीक यह पुरस्कार ग्रहण किया। चौधरी को यह पुरस्कार जीडीसीए के उपाध्यक्ष महान आर्यमन ने दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य हाऊस को बेस्ट एक्टिविटी के लिए और बेस्ट हाउस का वार्ड माधव हाउस को दिया गया। कक्षा 12 में प्रथम आने पर राशि गौर को प्रेसिडेंट मेडल दिया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिए गए।
संजय चौधरी 1984 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं जो वर्ष 2021 में जेल महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए। अपने सेवाकाल के दौरान संजय चौधरी 7 जिलों में पुलिस अधीक्षक रहने के साथ-साथ खेल संचालक व परिवहन आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे और अपनी विशिष्ट कार्यशैली से उन्होंने अपनी एक अलग ही छाप छोड़ी।
