जयराम रमेश ने ईडी और सीबीआई को बताया ‘मोदी अस्त्र’, कहा ‘प्रधानमंत्री मोदी देश बेचो अभियान चला रहे हैं’

Jairam Ramesh

MP Election 2023/Jaiaram Ramesh : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख और राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने विश्वास जताया कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 का 3 दिसंबर को जो नतीजा निकलेगा, उसमें जनता 18 साल की बीजेपी सरकार से तंग आकर फिर कांग्रेस को जनादेश देगी। उन्होने कहा कि इस बार हम पांच साल की सरकार चलाएंगे क्योंकि जो गद्दार थे वो पार्टी से निकल गए हैं। भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश की राजनीति में एक क्रांतिकारी परिवर्तन आया है और इसका परिणाम इस बार पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा।

पीएम मोदी पर ‘देश बेचो अभियान’ चलाने का आरोप

जयराम रमेश ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने जितनी गारंटी दी है वो सभी पूरे करे के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि 2016 में नोटबंदी और जीएसटी लागू होने के बाद लगातार महंगाई बढ़ रही है और इसी के साथ आर्थिक विषमताएं भी बढ़ रहे है। आवश्यक वस्तुओं के दाम इतने बढ़े हैं कि प्रधानमंत्री को ये कहने पर मजबूर होना पड़ा है कि वो प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को अगले 5 साल और लागू करेंगे। इसी के साथ उन्होने कहा कि मोदी सरकार की आर्थिक नीति हमारे सार्वजनिक क्षेत्र को खतम कर रही है, पब्लिक सेक्टर को बेचा जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी एक ‘देश बेचो’ अभियान चला रहे हैं और सारी चीजें उनके एक खास दोस्त ही खरीद रहे हैं। जयराम रमेश ने कहा कि केंद्र की इन नीतियों का असर राज्य सरकारों पर भी पड़ रहा है।

ईडी और सीबीआई को बताया ‘मोदी अस्त्र’

बीजेपी पर महाकाल घोटाले का आरोप लगाते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस बार चुनाव में हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे हैं बल्कि बीजेपी के जो ‘दो घोड़े’ हैं ED और CBI , उनसे भी लड़ रहे हैं। उन्होने कहा कि ईडी और सीबीआई मोदी के दो अस्त्र हैं। छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि इस बार विशेषकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ भारतीय जनता पार्टी से नहीं बल्कि उनकी इन जो एजेंसियों से भी है। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी घबराई हुई है। घबराहट और परेशानी मे हैं। वहां तीन महीने पहले मुख्यमंत्री ने मांग की थी कि इस ऐप पर प्रतिबंध लगाया जाए और दो व्यक्ति जो दुबई में बैठे है उन्हें गिरफ्तार किया जाए। लेकिन उनकी ये मांग केंद्र सरकार ने नहीं मानी। जयराम रमेश ने कहा कि ये एक राजनीतिक साजिश है और इस बार राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई का पूरा दुरुपयोग किया जाएगा।

[dgv_vimeo_video id=”881364324″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews