MP उच्च शिक्षा विभाग की नई पहल, अब e-GyanSetu YouTube चैनल पर छात्रों को मिलेंगे विभिन्न विषयों के ई-कंटेंट वीडियो

ई-ज्ञानसेतु YouTube Channel से अब पढ़ाई होगी आसान, UG विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों के ई-कंटेंट वीडियो, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आज करेंगे शुभारंभ, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में प्राध्यापकों से तैयार कराया गया है कंटेंट
MP उच्च शिक्षा विभाग की नई पहल, अब e-GyanSetu YouTube चैनल पर छात्रों को मिलेंगे विभिन्न विषयों के ई-कंटेंट वीडियो

मध्य प्रदेश के कॉलेज छात्रों के लिए अच्छी खबर है। ई-ज्ञानसेतु यूट्यूब चैनल पर अब छात्रों को गुणवत्तापूर्ण ई-वीडियो कंटेंट मिलेंगे। यह कंटेंट उच्च शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में शासकीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालय के प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों से तैयार कराया गया है।

दरअसल, छात्रों को डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे ई-वीडियो कंटेंट अब e-GyanSetu YouTube Channel पर उपलब्ध होंगे। ई- वीडियो कंटेंट के प्रकाशन का उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार आज, 9 सितंबर को शाम 5 बजे शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण Google Meet एवं e-GyanSetu YouTube Channel के माध्यम से किया जाएगा।

क्या खास है इसमे

  • e-GyanSetu पर उपलब्ध वीडियो के माध्यम से छात्र अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से अध्ययन कर सकेंगे।
  • छात्रों को विषयवस्तु को दोहराने, कठिन टॉपिक्स को पुनः समझने तथा अपनी सीखने की गति के अनुसार अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।
  • अब तक 2,305 वीडियो शूट किए जा चुके हैं, जिनमें से 954 वीडियो का एडिटिंग कार्य पूर्ण हो चुका है।
  • सत्यापन पूर्ण होने वाले वीडियो को चरणबद्ध रूप से e-GyanSetu YouTube Channel पर प्रकाशित किया जाएगा।

विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों के लिए ई-कंटेंट तैयार

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 की भावना के अनुरूप तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व उच्च शिक्षा मंत्री परमार के मार्गदर्शन में प्रदेश के संभागीय मुख्यालयों में स्थापित 10 डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से स्नातक स्तर के विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों के लिए ई-कंटेंट तैयार किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत कला, विज्ञान, वाणिज्य सहित विभिन्न विषयों के वीडियो व्याख्यान तैयार किए जा रहे हैं।

ग्राफिक्स/डिजिटल विजुअल्स का उपयोग

ई-वीडियो कंटेंट को छात्रों के लिए अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के लिए ग्राफिक्स एवं डिजिटल विजुअल्स का उपयोग किया गया है। ये वीडियो प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों द्वारा तैयार किए जा रहे हैं।

वीडियो की प्रमाणिकता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तैयार ई-कंटेंट का विषयवस्तु, पाठ्यक्रमानुरूपता और शैक्षणिक गुणवत्ता के आधार पर वैलिडेशन बोर्ड द्वारा परीक्षण एवं सत्यापन किया जाता है। सत्यापन के बाद ही वीडियो को छात्रों के लिए e-GyanSetu YouTube Channel पर प्रकाशित किया जाएगा।

भाषा पर भी फोकस

छात्रों की  सुविधा के लिए बघेली, बुंदेली, मराठी तथा संस्कृत सहित क्षेत्रीय भाषाओं में भी वीडियो तैयार किए गए हैं। इससे अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले विद्यार्थियों तक डिजिटल अध्ययन सामग्री पहुँचाने में मदद मिलेगी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews