सीएम डॉ. मोहन यादव ने ‘रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव’ कार्यक्रम में डिंडौरी के लिए लगाई सौगातों की झड़ी, समनापुर को तहसील बनाने सहित कई बड़ी घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने मंच घोषणा की कि डिंडौरी में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। इसी के साथ बीएसएनएल के नए 75 टॉवर लगाए जाने का ऐलान भी किया। उन्होने कहा कि निर्माणाधीन तीन बांधों के लिए मुआवज़ा बढ़ाया जाएगा। विक्रमपुर में नया औद्योगिक केंद्र बनेगा। गाड़ासरई को उप-तहसील बनाया जाएगा और साथ ही कई अन्य घोषणाएँ भी की।
CM

Rakshabandhan and Shravan Utsav program : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज डिंडोरी जिले में आयोजित “रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव” कार्यक्रम में सहभागिता की। यहाँ उन्होंने 147 करोड़ 60 लाख की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने मंच से क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएँ भी की। उन्होंने कहा कि ज़िले में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा और समनापुर को तहसील का दर्जा मिलेगा। इसी के साथ और भी कई घोषणाएँ की। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री द्वारा की गई बड़ी घोषणाएँ 

सीएम डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य मे डिंडौरी ज़िले में लाड़ली बहनों के लिए “रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि आने वाले समय में गेहूं की तरह धान पर भी बोनस देगी। कोदो कुटकी के लिए भी एमएसपी के माध्यम से रागी के बराबर ख़रीद की व्यवस्था करेगी। दूध खरीदी पर भी सरकार बोनस देगी। इसी के साथ उन्होंने घोषणा की कि समनापुर को तहसील बनाया जाएगा। अन्य घोषणाएँ में सीएम ने कहा कि ‘डॉक्टर और कलेक्टर की अनुशंसा पर सरकार बीमार लोगों को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से अन्य बड़े अस्पताल तक पहुँचाएगी। इसी के साथ अस्पतालों में शव वाहनों के इंतज़ाम किए जाएँगे। यहाँ के स्थानीय उत्पादों के लिए बाज़ार उपलब्ध कराया जाएगा। गाड़ासरई को उप-तहसील बनाया जाएगा। बीएसएनएल के नए 75 टॉवर लगाए जाएँगे। ज़िले में नर्मदा घाटी के तीन बांध जो निर्माणाधीन है, इसमें लोगों को बांध का मुआवज़ा बढ़ाया जाएगा। कोदो कुटकी की ख़रीद और मार्केटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। ज़िले में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जाएगा..सर्जन और अन्य डॉक्टर दिए जाएँगे। अस्पतालों को नई एंबुलेंस दी जाएगी। डिंडौरी में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। नर्मदापुर से मुरकी तक टू लेन सड़क बनाई जाएगी। मुरकी तक नया पुल बनाया जाएगा। शहपुरा में नया सबस्टेशन बनेगा। विक्रमपुर में नया औद्योगिक केंद्र बनाया जाएगा। नगर परिषद के लिए नया पक्का भवन बनेगा। सिंचाई के लिए डिंडौरी में नर्मदा नदी के किनारे पक्की नहर बनाई जाएगी।’

बहनों ने सीएम को बांधी राखी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व आ रहा है और जन्माष्टमी को लेकर सरकार कई अन्य निर्माण कार्यों व अन्य काम की सूची बना रहे हैं और वे उम्मीद करते हैं कि इसमें भी डिंडौरी ज़िले का विशेष ध्यान रखा जाए। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत पीपल का पौधा रोपा एवं कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। यहाँ उनका स्थानीय संस्कृति एवं परंपरा के साथ स्वागत हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव मे पारंपरिक वाद्य यंत्र भी बजाए। वहीं रक्षाबंधन कार्यक्रम में बहनों ने सीएम को विशाल कंचन राखी भेंट की। इसी के साथ उनकी कलाई पर राखियाँ भी बांधी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews