बीजेपी मार्गदर्शक मंडल में नरेंद्र मोदी, दिग्विजय सिंह ने ली चुटकी ‘क्या 75 साल में रिटायर हो जाएँगे प्रधानमंत्री’

माना जाता है कि सक्रिय राजनीति से रिटायर हो चुके वरिष्ठ नेताओं का नाम भाजपा मार्गदर्शक मंडल में शामिल किया जाता है। ऐसे में पीएम मोदी को बीजेपी की अधिकृत वेबसाइट पर मंडल में देखकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएँ शुरू हो गई है। कांग्रेस भी इसे लेकर कटाक्ष कर रही है।
Modi

PM Modi in BJP Margdarshak Mandal : दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक मंडल में शामिल करने को लेकर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह के साथ पीएम मोदी का नाम भी सम्मिलित है और ये बात वो नहीं बल्कि बीजेपी की अधिकृत वेबसाइट कह रही है।

भाजपा मार्गदर्शक मंडल में मोदी का नाम, सोशल मीडिया पर बवाल

भाजपा का मार्गदर्शक मंडल..दरअसल ये माना जाता है कि 75 साल की आयु पूर्ण करने के बाद जब पार्टी के नियमों के अनुसार नेता सक्रिय राजनीति से दूर हो जाते हैं तो उन्हें इसमें शामिल किया जाता है। लेकिन दो दिन से सोशल मीडिया में बीजेपी की अधिकृत वेबसाइट के हवाले से ये बात वायरल हो रही है कि इस लिस्ट में राजनाथ सिंह के साथ पीएम मोदी का नाम भी शामिल किया गया है। तो क्या ये माना जाए कि आने वाले समय में वो भी सक्रिय राजनीति को अलविदा कह देंगे। ये बात हम नहीं कह रहे बल्कि इशारों-इशारों में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कही है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि ‘भाजपा⁩ का नया मार्गदर्शक मण्डल। आडवाणी जी डॉ मुरली मनोहर जोशी जी राजनाथ सिंह जी व नरेंद्र मोदी जी। मैं नहीं कह रहा हूँ यह BJP की अधिकृत वेबसाइट कह रही है।’

क्या 75 साल में रिटायर हो जाएँगे मोदी ?

बता दें कि इस बार लोकसभा चुनावों के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार इस बात को दोहराते रहे थे कि  सितंबर 2025 में नरेंद्र मोदी जब 75 साल के हो जाएँगे तो बीजेपी के बनाए नियमों के मुताबिक़ वो रिटायर हो जाएँगे। वो कहते रहे कि ‘नरेंद्र मोदी अगले साल 75 वर्ष के हो रहे हैं। ऐसा होने पर आख़िर अगला प्रधानमंत्री कौन होगा ? ऐसा होने पर उनके सबसे ख़ास अमित शाह को प्रधानमंत्री बना दिया जाएगा।’ हालाँकि इसके जवाब में बीजेपी लगातार कहती रही कि संविधान में आयु को लेकर ऐसा कोई नियम नहीं है कि और पीएम मोदी अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

भाजपा का 75 प्लस का फॉर्मूला

यहाँ ये बात भी उल्लेखनीय है कि 2014 और 2019 में मोदी मंत्रिमंडल में 75+ के किसी नेता को शामिल नहीं किया गया था। वहीं मध्य प्रदेश की बात करें तो बाबूलाल गौर और सरताज सिंह को पचहत्तर आयु होने के बाद मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया था। इसी तरह सुमित्रा महाजन को भी उम्रदराज़ बताकर घर बिठा दिया गया। आनंदीबेन गुजरात की मुख्यमंत्री थीं और पद के फ़ार्मूले के आधार पर उन्हें भी हटना पड़ा। ऐसे कई उदाहरण हैं। लेकिन बीजेपी लगातार कहती रही है कि नरेंद्र मोदी 75 की आयु पूर्ण होने के बाद भी अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। इसी बीच उनके मार्गदर्शक मंडल में शामिल होने की ख़बर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फिर इस तरह के क़यास लगने शुरु हो गए। हालाँकि मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पीएम मोदी और राजनाथ सिंह का नाम बीजेपी मार्गदर्शक मंडल में हाल-फिलहाल नहीं जोड़ा गया, बल्कि वे 26 अगस्त 2014 से ही इसमें शामिल हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews