जेपी नड्डा के साथ शिवराज की मुस्कुराती तस्वीर, क्या है इस मुस्कान के मायने, दिल्ली की मुलाकात का क्या निकलेगा नतीजा!

Shivraj Singh Chouhan

Shivraj Singh Chouhan met JP Nadda in Delhi : ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहो हो..क्या ग़म है जिसको छुपा रहे हो’…कहने वाले कह गए हैं कि हर मुस्कान के पीछे खुशी हो ज़रुरी नहीं। कुछ मुस्कुराहटें बड़े ग़म को छिपाने की कोशिश भी होती हैं। और जब बात सियासत की हो तो यहां की मुस्कुराहटों में क्या क्या राज़ छिपे हैं..अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसी ही एक मुस्कुराती हुई तस्वीर शाया हुई है सोशल मीडिया पर जिसमें शिवराज सिंह चौहान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठे हुए हैं और उनके चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान नुमाया हो रही है। वहीं पत्रकारों से चर्चा में उन्होने दक्षिण के राज्यों में जाने की बात भी कही है।

 नाराज़गी की चर्चाओं के बीच हुई जेपी नड्डा से मुलाकात

पिछले कुछ समय से शिवराज सिंह चौहान की नाराजगी की अटकलें ज़ोरों पर हैं। सीएम पद से उनकी विदाई के बाद कई महिलाएं बेतरह फूट फूटकर रोईं और इस दौरान शिवराज भी भावुक होते दिखे। हालांकि उन्होने पहले दिन ये यही कहा कि पार्टी जो काम देगी, वो उसे पूरा करेंगे। लेकिन मध्य प्रदेश में बीजपी की बंपर जीत के बाद जिस तरह उन्हें दरकिनार किया गया..उसने उनके चाहने वालों के दिल तोड़ दिए। रविवार को दिल्ली में हुई बीजेपी की महत्वपूर्ण बैठक में शिवराज सिंह चौहान शामिल नहीं हुए जिसके बाद उनकी नाराजगी की खबरों को और हवा मिल गई। इस बीच सोमवार को सूचना आई कि उन्हें दिल्ली तलब किया गया है।

शिवराज ने कहा ‘दक्षिण के राज्यो में जाएंगे’

अब आज उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात हो चुकी है और इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से एक फोटो शेयर किया है। इसमें वो मुस्कुराते हुए नज़र आ रहे हैं और उन्होने लिखा है ‘आज नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, माननीय श्री जगत प्रकाश नड्डा जी से भेंट की। इस दौरान राष्ट्र उत्थान, लोक कल्याण एवं जनसेवा के विषय में चर्चा हुई। ‘सेवा ही संकल्प है’ के ध्येय के लिए भाजपा के हम समस्त कार्यकर्ता समर्पित हैं।’ मुलाकात के बाद जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होने कहा कि पार्टी जो भूमिका तय करेगी, एक कार्यकर्ता होने के नाते वो करेंगे। उन्होने कहा कि वो राज्य में भी रहेंगे और केंद्र में भी रहेंगे। जब उनसे पूछा गया कि आप कहां बेहतर कर पाएंगे तो उन्होने कहा कि ‘मैं मेरे बारे में नहीं सोचता हूं, जो अपने बारे में सोचता है वो अच्छा इंसान नहीं होता है। उन्होने कहा कि अगर आप एक बड़े मिशन के लिए काम करते हैं तो पार्टी तय करती है कि क्या करना है। वहीं उन्होने बातों बातों में ये भी कहा कि वो दक्षिण के राज्यों में जाएंगे।

अब क्या भूमिका निभाएंगे पूर्व मुख्यमंत्री ?

मोहन यादव के सीएम बनने के बाद से लगातार शिवराज के राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। क्या वो दिल्ली जाएंग..या फिर मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। मोहन कैबिनेट में उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी दी जाएगी या वो संगठन का काम संभालेंगे ? इस तरह के तमाम कयासों के बीच शिवराज पहले ही कह चुके हैं कि वो मध्य प्रदेश में ही रहना चाहते हैं। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान के बाद शिवराज सिंह चौहान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और इस दौरान एक सवाल के जवाब में कहा था कि ‘मध्य प्रदेश में बैठा हूं..मध्य प्रदेश कहां छूटेगा।” अब दिल्ली बुलावे और इस मुलाकात के बाद आगे उनकी क्या भूमिका होती है, इसपर उन्होने खुलकर तो कुछ नहीं कहा लेकिन ये संकेत जरुर दिए हैं कि वो दक्षिण के राज्यों में जाएंगे। फिलहाल वो अपने एक्स अकाउंट के बायो में ‘भाई और मामा’ लिख चुके हैं और उन्होने हमेशा कहा है कि मध्य प्रदेश से उनका अटूट नाता है। लेकिन पार्टी उनके लिए क्या तय करती है..आगे की चीजें इसी आधार पर तय होंगी।

[dgv_vimeo_video id=”896115832″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews