उमा भारती ने स्वीकारा ‘पीएम मोदी से होती है ईर्ष्या’, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को लेकर कही ये बड़ी बात

Uma Bharti

Uma Bharti wished BJP’s victory in MP Elections 2023 : उमा भारती ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत का दावा करने की बजाय जीत की कामना की है। उन्होने कहा कि उनकी इच्छा और शुभकामनाएं हैं कि बीजेपी जीते। वहीं मुख्यमंत्री को लेकर पूछे गए सवाल को साफ टाल दिया। इसी के साथ उमा भारती ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से ईर्ष्या होती है। उन्होने कहा कि मोदीजी को देखकर उन्हें लगता है कि वे इतने मजबूत, बुद्धिमान और भावुक हैं और जिस तरह उनमें अपनी भावनाओं को नियंत्रित करने का सामर्थ्य है, उतनी मेहनत हम क्यों नहीं कर सकते हैं।

‘मोदी जी के बैकवॉटर में सब बह जाते हैं’

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने आज भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मोदी लहर से कोई नहीं छूट पाता है। उन्होने कहा कि ‘2013 में मोदी जी का बैकवाटर मध्य प्रदेश में आया, उस समय मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में उनकी लोकप्रियता आकाश छूने लगी थी। लेकिन 2018 में व्यापम की कालिमा छा गई, उसको पोंछना मुश्किल था और वो आखिरी तक मंडराती रही।’ इस बार मोदीजी का बैकवॉटर आएगा या नहीं इस सवाल पर उन्होने कहा कि ‘मोदीजी का बैकवाटर तो ऐसा आता है कि 2018 में विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी लोकसभा चुनाव में हम 29 में से 28 सीटें जीत गए। मोदीजी की तुलना न हमारी पार्टी में किसी से हो सकती है न दूसरी पार्टी में किसी से हो सकती है और अब तो दुनिया में भी किसी से नहीं हो सकती है।’

बीजेपी की जीत को लेकर कही ये बात

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर बीजेपी लगातार जीत के दावे कर रही है। लेकिन जब उमा भारती से इसे लेकर सवाल पूछा गया कि 2023 में किसकी सरकार बनेगी तो जवाब में उन्होने कहा कि ‘मैं तो ये चाहती हूं कि हमारी सरकार बने।’ उन्होने कहा कि मेरी इच्छा है, मेरी शुभकामनाएं है और मेरी सद्भावनाएं है कि बीजेपी जीते। वहीं उनका सीटों को लेकर आंकलन क्या है इस सवाल के जवाब में उमा भारती ने कहा कि वो इसे लेकर किसी तरह का आंकलन नहीं कर पाती हैं। जब उनसे पूछा गया कि इस बार चुनाव में बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री का कोई चेहरा नहीं रहा है और आप किसे मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहेंगी तो इस सवाल को टालते हुए उन्होने कहा कि ‘हमारी सरकार हो, हमारा सीएम हो..बस इतना ही।’

‘पीएम मोदी से होती है ईर्ष्या’

पत्रकारों से बात करते हुए उमा भारती ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होने कहा कि उन्हें कुछ नेताओं को देखकर ईर्ष्या होती है जिनमें मोदीजी भी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हां मुझे ईर्ष्या होती है..पहले होती थी प्रमोद महाजन से और मैंने कहा आडवाणी जी से कि दादा आप हमेशा कहते हैं कि भविष्य का हमारा नेता प्रमोद है। आपको मैं क्यों नहीं दिखती। मुझे लगता था वो इतने अच्छे मैनेजर हैं इतने बैलेंस्ड मैनेजर हैं..मैं वैसी क्यों नहीं हो सकती।’

आगे उन्होने कहा कि ‘अभी मुझे मोदी जी को देखकर लगता है कि वो इतने मजबूत हैं इतने बुद्धिमान हैं और वे बेहद भावुक हैं। लेकिन भावनाओं पर नियंत्रण करने का उनका सामर्थ्य अद्भुत है। मुझे कई बार लगता है कि हम उतनी मेहनत क्यों नहीं कर सकते। मैं उनकी अनुगामिनी हूं और इसलिए मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं और इसलिए मुझे उनसे जलन होती है कि उनके जैसी भावनाओं पर मेरा नियंत्रण क्यों नहीं है। इसी के साथ उनकी जीवनशैली और कार्यक्षमता भी अद्भुत है।’

‘लोकलुभावन योजनाओं की जगह लोकसामर्थ्य योजनाएं’

वहीं राजनीति में खर्चों पर लगाम कसने की बात का समर्थन करते हुए उमा भारती ने कहा कि ये बहुत जरुरी है कि खर्च नियंत्रण में रहे। इसे लेकर प्रधानमंत्री भी लगातार अपने मंत्रियों नेताओं को निर्देश देते रहते हैं। वहीं मध्य प्रदेश में बीजेपी की लोकप्रिय योजना लाड़ली बहना का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि लाड़ली बहनों को जेबखर्च देना बहुत जरुरी है, ये बहुत अच्छी योजना है। लेकिन मोदी जी ने लोकलुभावन घोषणाओं की जगह पर लोकसामर्थ्य की घोषणा की। जनधन योजना, स्वच्छता योजना वही थी। ये लोगों को सामर्थ्यवान बनाने का प्रयास है। उन्होने कहा कि योजनाएं मोदीजी ने इतनी दी है और मुझे कहते हुए अफसोस है कि हमारे देश का सिस्टम और हमारा पॉलिटिकल सिस्टम उनके साथ कदम नहीं मिला सका। उन्होने जब भी कोई अच्छा और बड़ा काम करने की कोशिश की तो विपक्ष ने हमेशा उनका विरोध किया है। हम गलती करें तो विपक्ष आलोचना करें, लेकिन जहां जरुरत हो वहां उन्हें साथ देना चाहिए।

[dgv_vimeo_video id=”889824770″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews