
UP Weather Alert Today : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश हुई। आज 30 मई को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी। इसके लिए यूपी मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में येलो अलर्ट और कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ-साथ जहां वज्रपात और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
यूपी मौसम विभाग के मुताबिक, 31 मई तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है, इस दौरान प्रदेश में तेज आंधी और बारिश का दौर चलता रहेगा। आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। आज लखनऊ में एक-दो बार गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है‚ जबकि पश्चिमी व पूर्वी जिलों में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने तथा गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ का पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में मंगलवार को असर दिख सकता है और नोएडा, गाजियाबाद समेत कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।
यूपी मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, अमरोहा, जौनपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, संत रविदास नगर और वाराणसी समेत 24 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के चलने के आसार है और हल्की या फिर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक तेज हवा चलने और गरज व चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
- प्रदेश के जिले बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, इटावा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- यूपी के शामली, सहारनपुर, बिजनौर, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जहां पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
जानिए जिलों का हाल
- राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जाने की संभावना है। इसी सप्ताह में राजधानी का तापमान एक बार फिर 40 डिग्री के पार करने की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
- नोएडा में आज से 2 दिन और तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। मंगलवार को दिन में बादल और धूप के असर के बीच अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लोकल सिस्टम बनने से कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है।
- गाजियाबाद में आने वाले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। मंगलवार को दिन में भी शहर में बादलों का असर दिखने की उम्मीद है। इससे तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- पूर्वांचल के मौसम में भी बदलाव आने की उम्मीद है। बादलों का प्रभाव दिखने और लोकल सिस्टम की वजह से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की आशंका है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- वाराणसी में भी मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को छिटपुट बादलों का प्रभाव दिख सकता है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- कानपुर में मंगलवार को इस क्षेत्र में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे बारीश हो सकती है।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

