
UP Weather Alert : 7 दिन की देरी के बाद आखिरकार 8 जून को केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। संभावना जताई जा रही है कि 20 जून तक यह उत्तर प्रदेश में भी एंटर कर जाएगा, जिसके बाद प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। हालांकि इससे पहले प्री मानसून के चलते प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी और हीट वेव का भी असर देखने को मिलेगा। अगले 48 घंटे में उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में बारिश के आसार है, वही 19 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 9 और 10 जून को गर्मी का सामना करना पड़ेगा, इसके बाद प्रदेश के तराई वाले इलाकों में बादल छाएंगे, वहीं 11 जून को कुछ इलाकों में बारिश के आसार है। 10 जून तक अधिकमत तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। पूर्वी हवाओं के कारण नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में 3-4 दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। आने वाले 10 जून से प्रदेश के अलग अलग अंचलों में तेज आंधी आने और बारिश पड़ने के आसार हैं जो कि 14 जून तक जारी रह सकता है।
जानिए जिलों का हाल
यूपी मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में शुक्रवार और शनिवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, फिर रविवार को राहत मिलेगी। आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा सकता है और आसमान साफ रहने के आसार हैं। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा सकता है,गर्मी का असर देखने को मिलेगा लेकिन 11-12 को बारिश का अनुमान है। वाराणसी में रविवार तक हीट वेव का असर रहेगा। शनिवार को बारिश का अनुमान है।बरेली में दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस सप्ताह बरेली और आसपास के जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी। आज हवा की स्पीड 16 किलोमीटर प्रति घंटा से चलेगी।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर में हीटवेव को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार
यूपी मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे में बागपत, बरेली, बदायूं, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, मुजफ्फरनगर, रामपुर, शाहजहांपुर, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शामली, बिजनौर, नजीबाबाद , फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, कन्नौज, चित्रकूट, कानपुर देहात, प्रयागराज, वाराणसी में बारिश के आंधी देखने को मिल सकती है।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

