
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गुजरात दौरे में कच्छ को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरे में वे कच्छ के धोरडो गांव को देश को सोलर विलेज के रूप में समर्पित करेंगे। धोरडो वही गांव है, जिसने कच्छ के रन उत्सव से पूरी दुनिया में पहचान बनाई और अक्तूबर 2023 में संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड टूरिज्म आर्गनाइजेशन (UNWTO) ने इसे दुनिया के 54 बेहतरीन गांवों में शामिल किया था। इस बार कच्छ रन उत्सव की शुरुआत से पहले धोरडो ने एक और उपलब्धि हासिल की है। अब यह गांव पूरी तरह सौर ऊर्जा से रोशन होगा। प्रधानमंत्री मोदी भावनगर में आयोजित ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअली इस परियोजना का शुभारंभ करेंगे।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि धोरडो गांव, जिसे ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का खिताब मिल चुका है, अब 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा पर आधारित हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सोलर विलेज का उद्घाटन करेंगे और यह गुजरात के लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने इस परियोजना को ग्रामीणों की भागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
कच्छ का धोरडो गांव बना सोलर विलेज
धोरडो गांव का यह परिवर्तन ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना’ से संभव हो सका है। इस योजना के अंतर्गत गांव के हर आवासीय बिजली कनेक्शन को सौर ऊर्जा से जोड़ दिया गया है। अब ग्रामीण अपने घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल से बिजली पैदा करेंगे। अनुमान है कि इस परियोजना से प्रत्येक बिजली उपभोक्ता को सालाना करीब 16,000 रुपये का आर्थिक लाभ होगा। ग्रामीणों को न केवल बिजली के बिलों में राहत मिलेगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित कर सकेंगे।
धोरडो से पहले गुजरात में तीन और गांव सौर ऊर्जा से पूरी तरह रोशन हो चुके हैं। इनमें मेहसाणा का मोढेरा, खेड़ा का सुकी और बनासकांठा का मसाली शामिल हैं। धोरडो अब राज्य का चौथा सौर ऊर्जा गांव बन गया है। इन गांवों के अनुभव ने साबित कर दिया है कि नवीकरणीय ऊर्जा से ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली की ओर बढ़ सकते हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य गांवों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाना और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। धोरडो जैसे पर्यटक स्थलों पर सौर ऊर्जा का प्रयोग न केवल पर्यटन को और आकर्षक बनाएगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देगा। कच्छ रन उत्सव जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान यह गांव अपनी इस अनूठी पहचान से दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
