
West Central Railway fine vendors
छठ पूजा के दौरान अपने गृहनगर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने 2,000 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि खासतौर पर गुजरात के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ये कदम उठाए जा रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
देशभर में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें
भारतीय रेलवे त्योहारी सीजन में यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 61 दिनों में देशभर में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बीते 21 दिनों में 4,493 विशेष ट्रेनें संचालित हो चुकी हैं। छठ पूजा के लिए रेलवे ने स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष ट्रेन कार्यक्रम शुरू किया है।
रेलवे स्टेशनों पर छठ के भक्ति गीत
छठ पूजा के अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर छठ के भक्ति गीत बजाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों का सफर और सुखद हो। पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ये गीत बज रहे हैं, जिससे स्टेशनों पर पवित्र और उत्सवपूर्ण माहौल बन रहा है।
