Guna News : नौकरी लगाने के नाम पर 40 हजार रुपए की ठगी, मामला दर्ज

कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
fir

Guna News : मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। जहाँ एक व्यक्ति से उसकी लड़की की नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की गई है। आरोपी ने पीड़िता से कहा था कि वह उसकी लड़की की नौकरी नगरपालिका में लगवा देगा। इसके बदले आरोपी ने उससे 40 हजार रुपए ऐंठ लिए। न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे लौटाए। पीड़िता ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

शहर के गोकुल सिंह के चक्क पर रहने वाले फरियादी रमेशचंद साहू पुत्र दामोदरप्रसाद साहू ने कैंट पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि वह मूल रूप से झागर के रहने वाले हैं। उनके गांव में पड़ोस में रहने वाले कपिल किरार ने 2 मार्च को उनसे कहा कि वह उनकी लडकी एकता साहू की नौकरी नगर पालिका में लगवा देगा। इसके बदले में कुछ पैसे लगेंगे। रमेशचंद ने पूछा कि कितने पैसे लगेंगे, तो कपिल ने कहा कि 50 हजार रुपए लगेंगे। इस पर रमेश ने कपिल से कहा कि वह 40 हजार रुपए दे पायेंगे। सौदा पक्का हो गया और 2 मार्च को दिन में करीब 3 बजे उन्होंने कपिल को 40 हजार रुपए दे दिए।

रमेशचंद ने बताया कि पैसे लेने के बाद न तो आज तक कपिल ने उनकी बेटी की नौकरी नगरपालिका में लगवाई और न ही पैसे वापस दिए है। उन्होंने कपिल से पैसे वापस करने को कहा तो कपिल ने बोला कि वह पैसे वापस नहीं देगा, उन्हें जो करना है वो कर लें। रमेशचंद की शिकायत पर कैंट पुलिस ने कपिल किरार के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

गुना से संदीप दीक्षित की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews