Guna News : शांति के टापू मध्यप्रदेश में यह कैसी अशान्ति, बदमाशों का आतंक, महिलायें घर में कैद रहने पर मजबूर

Guna News : शांति के टापू मध्यप्रदेश में यह कैसी अशान्ति, बदमाशों का आतंक, महिलायें घर में कैद रहने पर मजबूर

Guna Crime News : मध्यप्रदेश के गुना जिले के हड्डीमील क्षेत्र में रहने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से स्थानीय रहवासी परेशान हैं। नौबत यहां तक आ गई है कि अधिकांश नागरिक अपने घरों से बाहर निकलने के लिए ही भय का सामना कर रहे हैं। रोजाना घटनाएं भी हो रही हैं। बीती रात भी एक स्थानीय महिला को धमकी दी गई, मारपीट की गई और विरोध करने पर बंदूक अड़ा दी गई। पुलिस और प्रशासन ने सुनवाई नहीं की तो पीडि़तों ने जगनपुर-बजरंगगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया।

यह है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि हड्डीमील क्षेत्र में असामाजिक तत्व बड़ी संख्या में निवास करते हैं, जिनकी वजह से स्थानीय रहवासी दहशत में है। बुधवार देर शाम शशि अहिरवार नामक महिला के साथ विवाद शुरु हुआ था। सिटी कोतवाली पुलिस को पीडि़त महिला ने बताया है कि शाम लगभग साढ़े 7 बजे मोहल्ले में रहने वाले सहरिया नामक युवक ने उसके घर पर पत्थर फेंक, गालियां दीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे दी।

महिला का आरोप है कि विवाद बढ़ा तो आरोपी का एक सहयोगी बंदूक लेकर आ गया और महिला की आंख के पास अड़ा दी। शशि अहिरवार को इस वारदात के दौरान चोट भी लगी है। पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज नहीं किया तो लोगों ने चक्काजाम कर लिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस और कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचे जरूर थे, लेकिन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए अधिकारियों ने लोगों को ही धमकाते हुए कहा कि वह चक्काजाम करेंगे तो उनके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज हो सकता है।

जगनपुर, हड्डीमील, चामुण्डा मंदिर के पास रहने वाले नागरिकों का आरोप है कि उनके मोहल्ले में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। महिलाएं और युवतियां घर से बाहर नहीं निकलती हैं। अगर कोई विरोध करता है तो उसका अंजाम भी ठीक नहीं होता है। कुल मिलाकर सभी लोग दहशत भरे माहौल में जी रहे हैं।
गुना से संदीप दीक्षित की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”783623390″]

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews