Lok Sabha Elections 2024 : गुना में अमित शाह बोले ‘आपका ये महाराज विकास को सबसे ज़्यादा समर्पित है’, ज्योतिरादित्य सिंधिया की जमकर तारीफ

उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार ने इस क्षेत्र का लालन पालन अपने बच्चों की तरह बहुत जतन से किया हैं। इस मौक़े पर कांग्रेस पर हमला करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस देश में शरिया क़ानून लाना चाहती है। उसने घोषणापत्र में कहा है कि वो पर्सनल लॉ लागू करेंगे लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।
Amit Shah

Lok Sabha Elections 2024 : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिया एक एक वोट नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगा। इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि ‘केपी यादव ने क्षेत्र की बहुत सेवा की है और उनकी चिंता मुझपे छोड़ दीजिए।’

अमित शाह बोले ‘केपी यादव की चिंता पार्टी और मुझपर छोड़ दीजिए’

बता दें कि गुना मध्य प्रदेश की हॉट सीट है जहां बीजेपी ने मौजूदा सांसद केपी यादव का टिकट काटकर ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में केपी यादव ने बीजेपी की टिकट पर तत्कालीन कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था। लेकिन सिंधिया के भाजपा में आने के बाद गुना-शिवपुरी से उनका पत्ता कट गया। आज गुना में सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केपी यादव की चिंता उनपर छोड़ दी जाए। केपी यादव के भविष्य की और उन्हें आगे बढ़ाने की चिंता भारतीय जनता पार्टी करेंगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को दो-दो नेता मिलेंगे..ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मिलेंगे और केपी यादव भी।

कांग्रेस पर हमला ‘वो देश में शरिया क़ानून लागू करना चाहते हैं!’

इस मौक़े पर अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश के अर्थतंत्र को तीसरे नंबर पर लाने का चुनाव है। उन्होंने कह कि हम ग़रीबों, महिलाओं, किसानों, समाज के वंचित वर्ग के विकास के लिए चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन कांग्रेस देश को बाँटने के लिए चुनाव लड़ रही है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा सत्तर साल तक कांग्रेस पार्टी राम मंदिर के मुद्दे लो भटकाती रही। उन्होंने तो रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में जाने का निमंत्रण भी ठुकरा दिया।

उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में कह रही है कि वो पर्सनल लॉ फिर से लागू करेंगे। क्या ये मुस्लिम पर्सनल लॉ लाना चाहते हैं ? क्या देश में शरिया क़ानून चल सकता है। क्या तीन तलाक़ फिर से लाना है। राहुल गांधी तुष्टिकरण के लिए जो करना है करे..लेकिन जब तक भारतीय जनता पार्टी है वो देश में पर्सनल लॉ नहीं आने देंगे। ये देश यूसीसी यानी समान नागरिक संहिता से चलेगा। हम देशभर में इसे लागू करेंगे। मोदी जी ने देश में नई संसद बनाई, कर्तव्य पथ बनाया, चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर चंद्रयान को उतारकर शिवशक्ति पाइंट बनाया। उन्होंने देश में प्राथमिकता एससी एसटी ओबीसी को दी है लेकिन का कहना है कि इस देश के संसाधनों पर पहला हक़ मुसलमानों का है। किंतु हम कांग्रेस की मंशा कभी पूरी नहीं होने देंगे। इस देश के संसाधन पर पहला हक़ गरीब दलित ओबीसी और आदिवासियों का है। कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है।

सिंधिया की जमकर तारीफ़, कहा ‘विकास के लिए सबसे ज़्यादा समर्पित’

अमित शाह ने कहा गुना से सिंधिया महाराज बीजेपी प्रत्याशी है। विकास के लिए सबसे समर्पित अगर कोई व्यक्ति है तो आपका ये महाराज है। सिंधिया परिवार ने इस क्षेत्र का लालन पालन अपने बच्चों की तरह जतन से किया है। उन्होंने गुना में हुए विकासकार्यों का उल्लेख करके हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए वोट माँगे। केंद्रीय गृहमंत्री ने जनता से अपील की कि बीजेपी को वोट देकर तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में योगदान दें ताकि देश विकास के पथ पर आगे बढ़ें और समाज के अंतिम छोर तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँच सके।

[dgv_vimeo_video id=”939480945″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews