7 महीने से नहीं मिली बाल आशीर्वाद योजना की राशि, जिला पंचायत सदस्य ने सिंधिया को लिखी चिट्ठी

खास बात ये कि पत्र मुख्यमंत्री को नहीं महाराज को लिखा गया है। इस पत्र में महेन्द्र सिंह सामरसिंगा ने कहा है कि एक महीने पहले पूर्व स्थानीय प्रशासन संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग आयुक्त को पत्र भेजा जा चुका है लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने सिंधिया से अनुरोध किया है कि बकाया राशि का भुगतान करने के लिए वे राज्य सरकार को निर्देशित करें।
Scindia

MP News : गुना में बाल आशीर्वाद योजना का भुगतान न होने पर जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र सिंह सामरसिंगा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने ज़िले में मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी बच्चों को राशि का भुगतान कराने का अनुरोध किया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया को लिखा गया पत्र

इस पत्र में जिला पंचायत सदस्य और भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेन्द्र सिंह सामरसिंगा ने लिखा है कि ‘विषय अंतर्गत निवेदन है कि मध्यप्रदेश की लोक कल्याणकारी भाजपा सरकार द्वारा मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत स्पॉन्सरशिप एवं मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना संचालित की जा रही है। इन दोनों ही योजनाओं के अंतर्गत उन बच्चों को भरण-पोषण/शैक्षणिक गतिविधियों के लिए राशि बैंक खातों में दी जाती है, जिनके माता-पिता अथवा पिता का निधन हो चुका है। दोनों ही योजना के तहत गुना जिले में 291 बच्चे लाभार्थी हैं। मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत 75 और स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 216 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।’

टमहाराज साहब, सूचित करना आवश्यक है कि उक्त दोनों ही योजनाओं के तहत करीब 7 महीनों से राशि का भुगतान नहीं हो सका है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग गुना द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के 75 लाभार्थियों को 13 लाख 88 हजार रुपए एवं स्पॉन्सरशिप योजना के 216 लाभार्थी बच्चों को 55 लाख 92 हजार रुपए का भुगतान किया जाना शेष है। यह राशि वर्ष 2023-24 में बकाया समयावधि, वर्ष 2024-25 के प्रथम और द्वितीय त्रैमास अवधि के लिए भुगतान की जाना है। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के गुना जिले में 291 लाभार्थी बच्चों को 69 लाख 80 हजार रुपए बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इस संबंध में लगभग एक माह पूर्व स्थानीय प्रशासन संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग आयुक्त महोदय को पत्र भेज चुका है। परंतु विभिन्न कारणों से भुगतान नहीं हो सकता है। अतः महाराज साहब, आपसे निवेदन है कि गुना जिले में मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी बच्चों के भुगतान हेतु बकाया राशि 69 लाख 40 हजार रुपए भुगतान करने हेतु राज्य सरकार को निर्देशित करने की कृपा करें। ताकि योजना के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके। आपका ऋणी रहूंगा।’

गुना से संदीप दीक्षित की रिपोर्ट

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews