डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एडवाइजरी जारी, दूरी बनाने और बेवजह परेशान नहीं करने की सलाह

street dogs

Gwalior News : ग्वालियर में बढ़ते डॉग बाइट के मामलों ने जिला प्रशासन को चिंता में डाल दिया ग्वालियर के अस्पतालों में हर रोज 200 से 300 मामले डॉग बाइट के पहुंच रहे हैं जिसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है, इसमें कुत्तों से दूरी बनाने और उन्हें बेवजह परेशान नहीं करने की सलाह दी गई है।

ग्वालियर शहर में डॉग बाइट की घटनाओं में वृद्धि पर नगर निगम कमिश्नर हर्ष सिंह के निर्देश पर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज शर्मा ने शहर की जनता के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। डॉ. अनुज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम के तापमान में गिरावट होने, ब्रीडिंग सीजन होने एवं आवारा श्वानों को खाने की कमी की वजह से डॉग बाइट की घटनायें दिखाई दे  रही हैं, इसलिए  लोगों को चाहिये कि वह बच्चों को समझाइश दें कि आवारा कुत्तों से दूरी बनाकर चलें।

कुत्तों से छेड़छाड़ न करें, उनके ऊपर पत्थर न मारें

उन्होंने सलाह दी कि ऐसी मादा श्वान (फीमेल डॉग) जिसके पास उसके बच्चे हों उनसे भी दूरी बनाकर रखे अन्यथा असुरक्षित महसूस करने व अपने बच्चों को बचाने के लिए वह काट भी सकती है।  कुत्तों से छेड़छाड़ न करें, उनके ऊपर पत्थर न मारें अथवा उन्हें परेशान न करें। तीव्र ध्वनि के पटाखों का इस्तेमाल न करें अन्यथा उनमें उग्र व्यवहार प्रदर्शित होता है।

पशुप्रेमियों से पेट एडॉप्शन मुहिम चलाने की अपील 

ऐसे श्वानों का झुंड जिसमे कोई मादा गर्मी में है तो उनसे भी समुचित दूरी बनाकर चलें। यंदि आवारा श्वान (street dogs)  आपके शेड अथवा कार के नीचे बैठा हुआ है तो वह अपने आपको ठंड से बचाने के लिए बैठा है उसे अनावश्यक भगायें नहीं। पशु प्रेमियों से अपील की जाती है कि वह पेट एडॉप्शन मुहिम चलायें ताकि वह पेट्स का सही ख्याल रख पाये, और समय पर टीकाकरण कराये। डॉ अनुज ने बताया कि ग्वालियर नगर निगम द्वारा मुहिम चलाकर ऐसे उग्र व्यवहार वाले कुत्तों को उठाकर आइसोलेशन और ऑब्जरवेशन में रखने का कार्य जारी है तथा श्वान नसबंदी कार्यक्रम भी शीघ्र ही प्रारम्भ होने वाला है उसके उपरान्त इन सभी डॉग्स को एंटी रेबीज भी निःशुल्क लगवाया जावेगा।

यहां दे सकते हैं डॉग बाइट या फिर कुत्तों के आतंक की सूचना  

डॉ अनुज शर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में डॉग बाइट अथवा श्वानों के आतंक की सूचना नगर निगम के कॉल सेन्टर मे दर्ज करें। डॉग स्क्वायड द्वारा तत्पर कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण किया जा रहा है। जिसका कन्ट्रोल रूम नम्बर 0751-2438358 है और  समय सुबह 09 बजे से सायं 05 बजे तक है।

डॉग बाइट के बाद तत्काल क्या करें?

उन्होंने सलाह दी कि डॉग बाइट होने पर घाव को तत्काल चलते हुए नल के पानी से धोकर उसे कार्बोलिक साबुन से अच्छे से धो लें, उसके बाद कोई एंटीसेप्टिक मल्हम लगायें तथा यथाशीघ्र नजदीकी शासकीय चिकित्सालय (स्वास्थ्य केन्द्र) में पहुंचकर एंटी रेबीज टीका चिकित्सक की सलाह से लगवायें।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews