
ग्वालियर, अतुल सक्सेना। आज के दौर की राजनीति ने असल राजनीति के मायने ही बदल दिये हैं। एक दूसरे को नीचा दिखाने या कटाक्ष करने के लिए अब नेता अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करने में शान समझते हैं। । मप्र में जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर कांग्रेस सरकार (Congress Goverment) गिराई है तब से कांग्रेस के नेता लगातार भाजपा और सिंधिया पर हमलावर है। खास बात ये है कि वे बोलते समय अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने से भी चूकते। गद्दार, धोखेबाज, बिकाऊ जैसी भाषा से शुरू हुई ये जुबानी जंग एक नये शब्द “भांड” के साथ आगे बढ़ी है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री लाखन सिंह (Former Minister Lakhan Singh) ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा में पहले एक भांड था जो हमेशा भांडगिरी किया करता था अब दो हो गए हैं वो भी मल्टीपरपज। उन्होंने कहा कि वे कितनी भी भांडगिरी कर लें ग्वालियर चंबल की जनता धोखेबाजों, गद्दारों को सबक सिखायेगी।
हालांकि चुनाव आयोग (Election commission) ने अभी मध्यप्रदेश (MP) की 27 सीटों पर होने वाले उप चुनावों की तारीख का एलान नहीं किया है लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों चुनावी मोड में आ चुकी हैं। इनके नेता लगातार उन विधानसभा सीटों पर दौरे कर रहे हैं जहाँ उप चुनाव होना है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chauhan) इन दिनों ग्वालियर चंबल संभाग के दौरे पर हैं 10 सितंबर से 13 सितंबर तक के दौरे में वे करोड़ों रुपये के विकासकार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर रहे हैं और नई घोषणाएं भी कर रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी दौरे पर हैं। रविवार को चार दिवसीय दौरे का अंतिम दिन है। वहीं 18,19 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी ग्वालियर दौरे पर आने वाले हैं जिसे लेकर भाजपा नेताओं ने तंज कसा है कि वे तो मेहमान हैं आयेंगे और चले जायेंगे।
कांग्रेस ने दिया भाजपा को करारा जवाब
कमलनाथ को मेहमान बताने के सवाल और भाजपा नेताओं के ग्वालियर चंबल के दौरे पर प्रदेश के पूर्व पशुपालन मंत्री लाखन सिंह ने अमर्यादित टिप्पणी की है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि “देखिये अभी तक भाजपा में एक भांड था जो हमेशा भांडगिरी किया करता था पूरे प्रदेश में। अब एक की जगह दो हो गए हैं वो भी मल्टीपरपज। अभी तक इन लोगों ने जितने भी दौरे किये हैं मैंने दोनों की बातें, दोनों के भाषण, दोनों के स्टेटमेंट् गंभीरता से सुने हैं। वो क्या कह रहे हैं क्या नहीं हमें उसपर नहीं जाना, मैं भी इतना बताना चाहता हूँ और जानता हूँ कि ये ग्वालियर चंबल संभाग की जनता है ये सब जानती है, अंचल की सभी 16 सीटों पर कांग्रेस ही जीतेगी, मैं ये दावे के साथ कह सकता हूँ।” लाखन सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि ” ये दोनों भाजपा के नटवरलाल चाहें जितनी भी भांडगिरी करते रहे लेकिन यहाँ की स्वाभिमानी जनता गद्दार और धोखेबाजों को पसंद नहीं करती”। सिंधिया द्वारा कांग्रेस को ही गद्दार और धोखेबाज बताने पर पूर्व मंत्री ने कहा कि ये जनता तय करेगी, जब परिणाम आयेगा तब सबको पता चल जायेगा। सौ फीसदी कांग्रेस ही जीतेगी।
18,19 को आयेंगे कमलनाथ
पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि कमलनाथ जी की ग्वालियर में कोई सभा नहीं हैं उनका एक रोड शो है। वे यहाँ दो विधानसभा के सेक्टर और मंडल अध्यक्षों से चर्चा करेंगे, कुछ प्रतिनिधिमंडलों से मिलेंगे और कुछ खास पॉलिटिकल लोगों से चर्चा करेंगे।। बहरहाल पूर्व मंत्री लाखन सिंह की नाम लिए बिना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर की गई अमर्यादित टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई हैं।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

