
Gwalior Congress protests against smart meters installation
मध्य प्रदेश में बिजली कंपनियां स्मार्ट मीटर लगा रहीं हैं, बिजली कम्पनियों का तर्क है कि स्मार्ट मीटर से सही बिलिंग होगी, बिजली चोरी रोकी जा सकेगी जिससे उपभोक्ताओं को लाभ होगा लेकिन कांग्रेस को सरकार और बिजली कंपनी की बात पर भरोसा नहीं है और वो स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध कर रही है, इसी क्रम में कांग्रेस ने आज ग्वालियर में प्रदर्शन किया।
ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आह्वान पर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, कांग्रेस का कहना है प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को गाढ़ी कमाई की बर्बादी कर रही है और जनता को परेशान कर रही है, कांग्रेस नेता जिला कार्यालय पर इकट्ठा हुए और तपती दोपहर में पैदल मार्च करते हुए रौशनी घर पहुंचे और वहां नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
ये स्मार्ट मीटर नहीं जनता का खून चूस मीटर है: कांग्रेस
जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार की जन विरोधी नीतियों की वजह से जनता परेशान हो रही है, उन्होंने कहा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की वजह से जबरन घर घर स्मार्ट मीटर लगाये जा रहे हैं असल में ये स्मार्ट मीटर नहीं जनता का खून चूस मीटर है।
कांग्रेस बोली ये कमीशन की सरकार है, इसलिए ये हो रहा
विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि भाजपा की सरकार कमीशन की सरकार है इसलिए कमीशन के चक्कर में ही लगे हुए अच्छे मीटरों को उखाड़ कर स्मार्ट मीटर लगा रही हैं, ये सरकार जनता की जेबों पर डाका डाल रही है और जनता का खून चूसने का काम कर रही है।
कांग्रेस विधायक ने ऊर्जा मंत्री पर लगाये भेदभाव के आरोप
कांग्रेस विधायक ने कहा ये जनता के पैसे की बर्बादी है जब तक ये लगाना बंद नहीं होते हैं तब तक कांग्रेस विरोध करती रहेगी, विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार ने आरोप लगाया कि ऊर्जा मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर नहीं लगा रहे जबकि ग्वालियर पूर्व और ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में लगवा रहे हैं , ये भेदभाव क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा चोरी के प्रकरण भी इन दोनों विधानसभा में ज्यादा दर्ज हो रहे हैं वसूली भी अधिक है लेकिन जहाँ ऊर्जा मंत्री रहते हैं वहां सब माफ़ है जिसे अब कांग्रेस सहन नहीं करेगी।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

