कोरोना इफेक्ट : मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन को हटाया, MP का पहला मामला

कोरोना इफेक्ट : मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन को हटाया, MP का पहला मामला

ग्वालियर।अतुल सक्सेना।

प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन जहाँ एहतियातन उपाय कर रहा है तो वहीं लापरवाही पर सजा भी दे रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज की प्रभारी डीन डॉ सरोज कोठारी को हटा दिया गया। उनके स्थान पर JAH के प्रभारी संयुक्त संचालक डॉ अशोक मिश्रा को डीन बनाया गया है।

संभाग आयुक्त एमबी ओझा ने मंगलवार को एक पत्र जारी करते हैं आदेश दिया कि गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय की प्रभारी डीन डॉ सरोज कोठारी की तैयारी संतोषजनक नहीं होने के कारण कोरोना वायरस के नियंत्रण एवं अन्य प्रशासकीय व्यवस्थाओं को देखते हुए उनके स्थान पर आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से पीएसएम विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ अशोक मिश्रा को मेडिकल कॉलेज का डीन किया जाता है। साथ ही उनसे जयारोग्य अस्पताल समूह के प्रभारी संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार लेकर चेस्ट एवं टीवी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ केके तिवारी को दिया जाता है। माना जा रहा है कि कोरोना मामले में लापरवाही को लेकर किसी अधिकारी के तबादले का ये प्रदेश का पहला मामला है।

गौरतलब है कि सोमवार को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक जयारोग्य अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने कोरोना के मरीजों के लिए बनाये गए आइसोलेशन वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की प्रभारी डीन डॉ सरोज कोठारी विधायक की बहुत से बातों का जवाब नहीं दे पाईं थी। विधायक पाठक ने मौके पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, JAH के प्रभारी अधीक्षक डॉ अशोक मिश्रा, CMHO डॉ एस के वर्मा को मौके पर ही बुलाकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी और व्यवस्थाओं को सुधारने की चेतावनी दी थी। इसलिए इस तबादले को विधायक की फटकार के रूप में लिया जा रहा है । उधर ये भी माना जा रहा है कि चूंकि डॉ अशोक मिश्रा के भाजपा नेताओं से अच्छे संबंध हैं इसलिए भोपाल से आदेश आने तक संभाग आयुक्त से आदेश निकलवाकर उन्हें डीन बनाया गया है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews