आबकारी विभाग का एक्शन, दो दिन में 7 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध देशी शराब बरामद, 11 प्रकरण दर्ज

आबकारी विभाग ने शुक्रवार और शनिवार लगातार दो दिन में 7 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध शराब जब्त की और कुल 11 प्रकरण दर्ज किये हैं। 
Excise department's action

Gwalior News : ग्वालियर के आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है और लगातार दो दिनों में एक्शन लेते हुए 7 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध हाथ भट्टी शराब और गुड़ लहान बरामद किया है, आबकारी विभाग का कहना है कि ये मुहिम लगातार जारी रहेगी। दो दिन में आबकारी विभाग ने कुल 11 प्रकरण दर्ज किये हैं।

ग्वालियर जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण व परिवहन को कड़ाई से रोकने के लिये विशेष मुहिम चलाई जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इस मुहिम को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में अवैध मदिरा की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग के दल ने शनिवार को मोहनपुर कंजर डेरा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की।

3 हजार किलोग्राम गुड़ लहान व 28 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद

सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी ने बताया कि इस कार्रवाई में लगभग 3 हजार किलोग्राम गुड़ लहान व 28 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 3 लाख 10 हजार रुपये है। इस अवैध कारोबार में लिप्त आपराधिक तत्वों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध किये गए।

दो दिनों में कुल 11 प्रकरण दर्ज 

सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी ने बताया कि अवैध मदिरा की सूचना पर शुक्रवार को नयागांव कंजर डेरा, बरई कंजर डेरा और घाटीगांव कंजर डेरा तथा बिलौआ आदि क्षेत्रों में दबिश दी गई। आबकारी बल की दबिश के दौरान अलग अलग स्थानों से कुल लगभग 4000 किलोग्राम गुड़ लहान, 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 15 देशी मदिरा प्लेन पाव बरामद किए गए। इस कार्यवाही में जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 4 लाख 2800 रुपये है। अवैध मदिरा व गुड़ लहान जब्त करने के साथ इस कार्यवाही में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत कुल 7 प्रकरण पंजीबद्ध किये गए।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews