चोरी के माल के बंटवारे पर विवाद, गोली मारकर दो आरोपी फरार, घायल चोर पर भी कई अपराध दर्ज

Gwalior News

Gwalior News : ग्वालियर में चोरी के माल पर बंटवारे को लेकर तीन चोरों में विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि एक चोर ने अपने ही साथी को गोली मार दी और दोनों फरार हो गए , घायल चोर ने पहले तो बाइक लूट की फर्जी कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के सामने उसकी पोल खुल गई , फ़िलहाल पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, आपको बता दे की घायल भी शातिर बदमाश है उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक पुरानी छावनी थाना  क्षेत्र के गंगाराम का पुरा में एक व्यक्ति के घायल पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी, युवक के पैर और सीने के पास गोली लगी थी, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, घायल पीयूष परिहार ने पुलिस को बताया कि वो भिंड जिले गोहद का रहने वाला है वो ड्राइवर की नौकरी करता है यहाँ बिजौली में मौसी के घर रहता है।

घायल ने पुलिस को सुनाई लूट की कहानी 

घायल ने पुलिस को बताया कि वो कल शाम धीरू कंसाना से मिलने मुरैना गया था वहां से लौटते समय गंगाराम का पूरा से निकलते समय दो लोगों ने उसे रोका और मारपीट कर उसकी बाइक छीनी। विरोध किया तो गोली मारकर भाग गए। जान बचाने के लिए वह बस्ती में एक मकान में घुस गया वहीँ से पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को कहानी लगी फर्जी

पुलिस को पीयूष की कहानी पर पूरी तरह भरोसा नहीं हुआ , उसने तफ्तीश शुरू की तो जिस मकान में  पीयूष घायल मिला उसके बाजू के मकान के ताले टूटे हुए थे। लूट और चोरी देखकर पुलिस ने स्नोफर डॉग को बुलाया। पुलिस को मौके पर पेचकस पड़ा मिला उसकी गंध लेकर डॉग उस मकान में घुसा जहां पीयूष जख्मी मिला था।

पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो खुल गई पोल 

पुलिस पूछताछ में पीयूष लूटी बाइक का नंबर और उसके मालिक का नाम नहीं बता पाया तो पूरी तरह संदेह के दायरे में आ गया। पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया गंगाराम का पुरा में एक मकान सूना था। उसमें वो अपने साथी रूपा धोबी और एक अन्य साथी के साथ चोरी करने घुसा था। चोरी की रकम और सामान के हिस्साबांट को लेकर साथियों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद रूपा धोबी ने अपने साथी के साथ मिलकर गोली मार दी और फरार हो गए।

घायल पर भी पहले से कई अपराध 

पुलिस ने घायल पीयूष परिहार को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घायल पीयूष परिहार पर फायरिंग, हत्या के प्रयास सहित अवैध हथियार का केस दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने घायल चोर पीयूष के बयानों के आधार पर उसके दोनों साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

[dgv_vimeo_video id=”911840818″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews