बाहरी व्यक्तियों के लिए सख्त हिदायत, तत्काल शहर छोड़ दें वर्ना होगा कड़ा एक्शन, प्रशासन ने जारी किए आदेश

mp election 2023

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए कल 17 नवंबर को मतदान होना है, सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं, आज से मतदान दल रवाना होना शुरू हो गए है, इस बीच कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी है, धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए गए हैं, बाहरी व्यक्तियों के लिए सख्त हिदायत दी गई है कि वे तत्काल शहर छोड़ दे वर्ना उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जायेगा, ग्वालियर जिला प्रशासन इसके लिए शहर में लाउड स्पीकर से एनाउंसमेंट भी करवा रहा है।

[dgv_vimeo_video id=”885141605″]

ग्वालियर में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी 

कल 17 नवंबर को मतदान होना है, ग्वालियर  जिला प्रशासन निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी बिन्दुओं पर बारीकी से नजर जमाये हुए है, चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद कल 15 नवंबर की शाम से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अक्षय कुमार सिंह निर्वाचन आयोग के निर्देशों एंव दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा के आदेश जारी कर दिए । इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि चुनावी शोरगुल थमने के बाद कोई भी राजनैतिक दल/ प्रत्याशी या समूह के लोग एकत्रित होकर कोई जुलूस, जनसम्पर्क या रैली नहीं निकाल सकेंगे। आदेश के उल्लंघन की दशा में दण्ड संहिता की धारा 188 के अन्तर्गत कार्रवाई की जायेगी। साथ ही लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-133 में तीन मास की अवधि तक का कारावास और जुर्माना लगाने का प्रावधान है।

बाहरी व्यक्तियों के लिए होटल, लॉज, धर्मशाला की चैकिंग के निर्देश 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने बाहर से आये विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिले की सीमा से बाहर चले जाने के आदेश दिये हैं । उन्होंने कहा है कि इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारी व पुलिस प्रतिबंधित समय में होटल, लॉज, सामुदायिक भवन व धर्मशाला आदि पर नजर रख कि वहाँ कौन-कौन से व्यक्ति ठहरे हुये हैं।

ग्वालियर के चौराहों पर लाउडस्पीकर पर एनाउंसमेंट 

बाहरी व्यक्तियों को शहर छोड़ने के निर्देश के तहत जिला प्रशासन ने शहर के लोगों से अपील की है कि उनके यहाँ यदि कोई बाहरी व्यक्ति है जो मतदाता नहीं है वो भी यहाँ नहीं रुक सकता, प्रशासन शहर के चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से इस आशय का एनाउंसमेंट करवा रहा है कि कोई भी बहरी व्यक्ति जिले में ना रुके वर्ना चैकिंग में यदि वो मिलता है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी , उधर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने जिलेवासियों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि मतदान दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews