
ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर ने लापरवाह ठेकेदारों पर कड़ा एक्शन लिया है, उन्होंने टेंडर लेकर समय पर कार्य न करने एवं टेंडर स्वीकृत होने के बाद भी अनुबंध के मुताबिक काम नहीं करने पर 7 ठेकेदारों को दो वर्ष तक टेंडर प्रक्रिया से प्रतिबंधित करते हुए उनकी धरोहर/ईएमडी राशि राजसात करने के आदेश जारी किए है।
बारिश में उखड़ी सड़कों, उफनते सीवर सहित विकास एवं निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने के बाद ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संघ प्रिय अब खुद शहर विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर निरंतर गंभीरता से मॉनिटरिंग कर रहे हैं, पिछले दिनों अफसरों पर कार्यवाही करने के बाद अब कमिश्नर के निशाने पर ठेकेदार हैं।
सात ठेकेदारों पर कड़ा एक्शन
कमिश्नर के संज्ञान में आया कि सड़क निर्माण कार्य के टेंडर स्वीकृत होने के बाद भी कुछ ठेकेदारों द्वारा न तो समय पर काम किया जा रहा है और न ही अनुबंध पूरे किए जा रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने 7 ठेकेदारों के खिलाफ कडा एक्शन लिया है।
लापरवाह ठेकेदारों की धरोहर राशि राजसात
- मैसर्स श्री श्याम हरीशरण इंटरप्राइजेज का वार्ड 31 में कांति नगर एवं गायत्री नगर की विभिन्न गलियों में सीसी रोड निर्माण कार्य का कार्यादेश 04 सितम्बर 2024 को जारी किया गया था। परंतु संबंधित ठेकेदार द्वारा 22 अगस्त 2025 तक भी कार्य प्रारंभ न करने पर 2 वर्षों के लिए निविदा प्रक्रिया से प्रतिबंधित करते हुए धरोहर राशि राजसात की गई है।
- मैसर्स दिनेश आर्य का वार्ड 23 में जोधा नगर गली नम्बर 1,2 व 3 तीन में निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत हुआ था, मैसर्स कृष्णा कंस्ट्रक्शन का वार्ड 30 में देवाशीश एनक्लेव में सीसी रोड फर्स निर्माण का टेंडर स्वीकृत हुआ था,
- मैसर्स बाबा मोर्धन इंटरप्राइजेज का वार्ड 1 जिन्नातों की मस्जिद के पास सामुदायिक भवन, टॉयलेट एवं बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत किया गया था,
- मैसर्स समाधिया कंस्ट्रक्शन का वार्ड 17 में कांच मिल शीतला माता मंदिर के पास सीसी रोड निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत हुआ था,
- मैसर्स नक्षत्र इन्फ्राटेक का वार्ड 24 में सुरेश नगर साईनाथ कोचिंग सेंटर एवं अमर ज्योति स्कूल वाली गली में सीसी रोड निर्माण का टेंडर स्वीकृत हुआ था
- मैसर्स वीर सिंह कन्सट्रक्शन का वार्ड 19 शिवेन्द्र सिंह चौहान के मकान से चौरसिया के मकान तक सीसी रोड निर्माण एवं 60 फुटा रोड से कुंज विहार फेस-1 तक सीसी रोड निर्माण तक का टेंडर स्वीकृत किया गया था।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

