जब 1 रुपये में ख़रीदा गिटार, बड़ा संदूक, टीवी, गृहस्थी का सामान, खिल गए चेहरे, अब मनेगी दिवाली खुशियों वाली

शहर से सामग्री कलेक्शन का कार्य 20 अक्टूबर तक कराया जाएगा तथा फूलबाग स्थित आरआरआर सेंटर से निरंतर दिवाली बाद भी सामग्री का वितरण जरूरतमंद लोगों को किया जाता रहेगा।
Gwalior Municipal Corporation

दिवाली का त्यौहार रौशनी का, खुशियों का त्यौहार है, ग्वालियर नगर निगम ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए एक अभियान शुरू किया है जिसका नाम है  “स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली”, आज जब इस अभियान के तहत कीमती चीजें मात्र 1 रुपये में जरुरतमंदों के खरीदीं तो उनके चेहरे पर ख़ुशी और संतुष्टि देखते ही बन रही थी।

नगर निगम ग्वालियर द्वारा नवाचार के रूप में प्रारंभ किए गए “स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली अभियान के तहत आज जरूरतमंदों को 1 रुपये में सामान उपलब्ध कराया गया। जिसमें किसी ने गिटार, किसी ने टीवी तो किसी ने ट्रॉली बैग ख़रीदा, छोटे बच्चे खिलौने पाकर बहुत खुश हुए। अभियान के तहत एक व्यक्ति को पांच-पांच सामान उपलब्ध कराये गए।

स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली अभियान

उल्लेखनीय है कि नगर निगम ग्वालियर ने 13 अक्टूबर से “स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली अभियान” शुरू किया है इसके अंतर्गत शहर के चारों विधानसभा क्षेत्र में विशेष वाहन द्वारा लोगों के घर से निकलने वाले ऐसी अनुपयोगी सामग्री को इकट्ठा किया जो दूसरों के काम आ सके। इस अभियान के तहत शहर के नागरिकों ने बडी संख्या में सामग्री निगम के वाहनों में जमा कराई।

मात्र 1 रुपए में जरुरतमंदों को मिल रहा कीमती सामान 

शहर के लोगों से मिल रहे सामान को फूलबाग स्थित मछली घर आरआरआर सेंटर पर जमा किया गया और आज शुक्रवार को जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया गया।  आज जरूरतमंद लोगों को गिटार, ट्रॉली बैग, संदूक, किताबें, कपड़े, गद्दे, मच्छरदानी, ढोलक, जूते चप्पल, गैस चूल्हा, बक्से सहित अन्य सामग्री मात्र 1 रुपये  में उपलब्ध कराया गया

गिटार सीखने का सपना अब साकार करेगा विक्रम 

नगर निगम द्वारा चलाए गए “स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली अभियान” के तहत आज फूलबाग क्षेत्र में रहने वाले 16 वर्षीय विक्रम राठौर को\ जब 1 रुपये  में गिटार मिला तो उसकी ख़ुशी देखते ही बनती थी,  उसने कहा कि उसका अब गिटार सीखने का सपना पूरा हो जाएगा। क्योंकि इतना महंगा होने के कारण वह कभी नया गिटार लेने की सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि यह अभियान अच्छा है निरंतर चलना चाहिए।

माँ के लिए टीवी खरीदकर खुश हुए इमरान

गुडी गुडा का नाका निवासी  इमरान ने बताया कि वह बहुत दिनों से अपनी माताजी के लिए टीवी लेने की सोच रहे थे। लेकिन मंहगाई होने के कारण वह टीवी नहीं ले पा रहे थे। लेकिन आज नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत उन्हें 1 रुपये में टीवी मिल गई। जिससे अब वह अपने घर पर माताजी के साथ टीवी देख सकेंगे।

खिलाने पाकर बच्चों की मन गई दिवाली 

स्वच्छता की दिवाली 1 रुपये वाली अभियान के तहत आज नगर निगम ग्वालियर द्वारा जरूरतमंदों को सामान का वितरण किया गया। जिसमें बडी संख्या में खिलौने प्राप्त हुए। जब जरूरतमंद लोग सामान लेने आये तो उनके साथ बच्चे भी थे। निगमायुक्त  संघ प्रिय के निर्देश पर सभी बच्चों को खिलौने प्रदान किए गए। जिससे खिलौने पाकर बच्चे इतने खुश हुए और बोले हमारी तो मन गई दिवाली।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews