
Gwalior News : ग्वालियर में CWC यानि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी अर्थात बाल कल्याण समिति के दफ्तर में एक साढ़े 17 साल की नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, उसे पुलिस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। लड़की और उसके परिजनों का आरोप है कि CWC जबरन दबाव बनाकर वन स्टॉप सेंटर भेज रही थी, उधर पुलिस अब इस मामले की जाँच कर रही है।
ये मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बाथम मोहल्ले का है, बाल कल्याण समिति यानि CWC को किसी ने सूचना दी थी कि यहाँ एक नाबालिग की शादी हो रही है, बाल कल्याण समिति ने पुलिस को शादी रुकवाकर लड़की को बरामद करने के लिए पत्र जारी किया, पुलिस ने लड़की को उसके घर से बरामद कर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया ।
बाल कल्याण समिति के महिला सदस्य बच्ची को लेकर CWC के कार्यालय आ गए उनके साथ पुरानी छावनी थाने का महिला स्टाफ भी था, लड़की के साथ उसकी माँ और परिवार के अन्य सदस्य भी थे, बाल कल्याण समिति उन्हें मिले लड़की के दस्तावेजों के आधार पर उसे वन स्टॉप भेजने की तैयारी करने लगी।
लड़की को जैसे ही इसकी भनक लगी तो वो भड़क गई ,उसने कहा कि वो कहीं नहीं जाना चाहती वो अपनी माँ के साथ रहना चाहती है, लेकिन जब बाल कल्याण समिति वन स्टॉप सेंटर भेजने की जिद करने लगी तो बच्ची ने उसके गले में पड़े दुपट्टे को गले में कसकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कांस्टेबल ने उसके हाथ से दुपट्टा छीना तब कहीं फंदा ढीला हुआ ।
लड़की की इस हरकत से वहां मौजूद लोग घबरा गए, पुलिस उसे तत्काल सिटी सेंटर स्थित अयोग्यधाम अस्पताल लेकर आई जहाँ डॉक्टर्स ने लड़की का इलाज किया, फिलहाल वो खतरे से बाहर है। उसने कहा कि किसी ने गलत जानकारी दी थी उसकी शादी नहीं हो रही थी , उसे जबरन कहीं भेज रहे थे इसलिए उसने फांसी लगाई।
लड़की की माँ ने कहा कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है वो दूसरों के घर में काम कर घर चलाती है , मैं लड़की की सगाई कर रही थी लेकिन ये लोग जबरन मेरी बच्ची को उठाकर ले गए, बच्ची के वकील अजय प्रताप सिंह ने भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट की भी गाइड लाइन है कि ऐसी परिस्थिति में नाबालिग बच्ची जहाँ रहना चाहे उसे वहीं रखा जायेगा, लेकिन CWC उसे जबरन वन स्टॉप सेंटर भेज रही थी जबकि यहाँ शादी नहीं हो रही थी।
उधर टी आई मिर्जा आसिफ बेग ने कहा कि उसने तो CWC की शिकायत पर बच्ची को बरामद किया था, बाल कल्याण समिति के पास बच्ची के नाबालिग होने के पर्याप्त प्रमाण हैं, बच्ची ने CWC की कार्रवाई से नाराज होकर फांसी लगाने की कोशिश की है, बच्ची अभी ठीक है मामले को जाँच में ले लिया है।
[dgv_vimeo_video id=”838695625″]
[dgv_vimeo_video id=”838695830″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

