Gwalior News : कॉलेज संचालक पर निजी भूमि और श्मशान पर कब्ज़ा करने के आरोप, किसानों ने लगाई कलेक्टर एसपी से गुहार, बोले- न्याय नहीं मिला तो करेंगे आत्महत्या

Gwalior News : कॉलेज संचालक पर निजी भूमि और श्मशान पर कब्ज़ा करने के आरोप, किसानों ने लगाई कलेक्टर एसपी से गुहार, बोले- न्याय नहीं मिला तो करेंगे आत्महत्या

Gwalior News : ग्वालियर शहर में भू माफियाओं किस कदर बेख़ौफ़ है कि चाहे सरकारी जमीन हो, श्मशान की भूमि हो या फिर किसी की निजी, भूमि यदि उसे जरुरत है तो वो उसे हासिल कर लेता है, ये हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे बल्कि ये उन किसानों की दास्तान है जिनकी निजी जमीन सहित गाँव के शमशान पर एक कॉलेज संचालक ने कब्ज़ा कर बिल्डिंग खड़ी कर दी है, परेशान गाँव वाले अपनी जमीन पर जा नहीं सकते, उनका आरोप है कि जाते हैं तो उनके खिलाफ पुलिस में मुकदमे दर्ज करवा दिए जाते हैं, आज एक बार गाँव वालों ने फिर एकजुट होकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा है, ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन हमारी मदद नहीं करेगा तो हम आत्महत्या कर लेंगे।

किसानों का आरोप कॉलेज संचालक ने श्मशान घाट पर किया कब्जा

ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम भाटखेड़ी के किसान नागाजी कॉलेज (NITM) के संचालक अमर सिंह तोमर के खिलाफ आज शुक्रवार को कलेक्टर एवं एसपी के पास गुहार लगाने पहुंचे। पीड़ित किसानों का आरोप है कि दबंग कॉलेज संचालक ने पहले गांव के श्मशान घाट पर अपना कब्जा जमाया अब उन्हें मजबूर कर रहा है कि वह अपनी जमीन बेच दें किसानों के मना करने के बाद कॉलेज संचालक आए दिन उन्हें प्रताड़ित कर रहा है।

गांव में मृत्यु होने पर खेतों में या फिर दूसरे गांव में कर रहे अंतिम संस्कार  

किसानों ने आरोप लगाया कि लगभग 1 दर्जन से अधिक किसानों की 18 बीघा जमीन पर कॉलेज संचालक ने अवैध रूप से कब्जा भी कर रखा है और उसने अपने गुंडों को हथियार के साथ के साथ तैनात कर रखा है। हमारे हालात ये हो गए हैं कि अगर किसी के घर किसी की मृत्यु हो जाए तो दाह संस्कार अपने खेतों में या किसी दूसरे गांव में जाकर करना पड़ता है।

लाखों रुपये बीघा कीमत की जमीन हजारों में बेचने के लिए बना रहा दबाव 

ग्रामीणों ने कहा कि लाखों रुपये बीघा कीमत की जमीन कॉलेज संचालक जबरन कुछ हजारों में खरीदने के लिए दबाव बनाता है और नहीं देने पर जबरन कब्ज़ा कर लेता है। उसने कब्जाई हुई जमीनों पर कॉलेज की बिल्डिंग भी खड़ी कर दी है।  ग्रामीणों ने कहा कि इस मामले में उन लोगों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, मौके पर जाकर प्रशासन ने गांव वालों की बात में सत्यता भी पाई लेकिन अपने राजनीतिक रसूख के दम पर कॉलेज संचालक अमर सिंह तोमर ने उल्टा किसानों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करवा दी।

कलेक्टर और एसपी से गुहार, न्याय नहीं मिला तो कर लेंगे आत्महत्या 

पीड़ित किसानों ने आज कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल के पास अपनी गुहार लगाई और ज्ञापन सौंपे। ग्रामीणों ने ज्ञापन में सरकारी खसरा नंबरों का भी उल्लेख किया जिसपर कब्जे के आरोप उन्होंने लगाये है, उन्होंने कहा कि यदि हमारी सुनवाई नहीं होगी तो हमारे पास आत्महत्या करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा। किसानों का ज्ञापन लेने के बाद एडिशनल एसपी गजेन्द्र वर्धमान ने कहा कि ज्ञापन में लगाये गए आरोपों की जाँच की जाएगी यदि शासकीय भूमि पर कब्ज़ा होगा तो उसे हटवाया जायेगा, कलेक्टर साहब को भी इन लोगों ने ज्ञापन दिया है इस मामले में राजस्व अमले से बात की जाएगी।

[dgv_vimeo_video id=”853760747″]

[dgv_vimeo_video id=”853757272″]

[dgv_vimeo_video id=”853757553″]

[dgv_vimeo_video id=”853758192″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews