Gwalior News : IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा सटोरिया गिरफ्तार, मोबाइल में मिला 12 लाख का हिसाब

IPL Satta Crime

Gwalior News : ग्वालियर की क्राइम ब्रांच पुलिस एवं झांसी रोड थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए IPL मैच पर सट्टा खिला रहे युवक को गिरफ्तार किया है, आरोपी सटोरिया मुम्बई इंडियन एवं गुजरात टाइटन  के बीच खेले गए मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा था, पकड़े गये सटोरिया के पास से पुलिस को वीवो कंपनी का मोबाइल मिला है जिसमें लगभग 12 लाख रूपये का हिसाब-किताब मिला है। पुलिस ने सटोरिये को आईडी उपलब्ध कराने वाले खाईबाज के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

देश में चल रहे क्रिकेट के महाकुम्भ इंडियन प्रीमियर लीग IPL 2023 के मुकाबलों पर सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ एसपी के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है, पुलिस का मुखबिर तंत्र ऑनलाइन सट्टा खिला रहे सटोरियों की पिन पॉइंट सूचना पुलिस तक पहुंचा रहा है, ऐसी ही सूचना पुलिस को बीती रात लगी जब मुम्बई इंडियन एवं गुजरात टाइटन के बीच  आईपीएल मैच चल रहा था।

सूचना मिलते ही एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दंडोतिया को निर्देश दिए, एडिशनल एसपी ने क्राइम ब्रांच थाना और  झांसी रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम को आईपीएल क्रिकेट पर सट्टा खिलवा रहे सटोरिया पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।निर्देश मिलते ही टीआई क्राइम ब्रांच थाना अमर सिंह सिकरवार एवं टीआई झांसी रोड थाना शैलेन्द्र भार्गव ने संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान तांगा स्टेण्ड के पास कार्यवाही के लिए भेजा।

पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटर सायकिल लिए खड़ा दिखाई दिया जो मोबाइल चला रहा था पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने खुद को एबी रोड पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास गोल पहाड़िया थाना जनकगंज का रहने वाला बताया। पुलिस ने जब सटोरिया का मोबाइल चेक किया गया तो उसमें मुम्बई इंडियन एवं गुजरात टाइटन के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर लिंक के माध्यम से वो अन्य लोगों को लिंक भेजकर सट्टा खिलवा रहा था।

आरोपी के वीवो मोबाइल में आईपीएल का सट्टा खिलवाने के लिए बेटगुरू नाम की आईडी पर दो आईडी खुली हुई पाई गई। पुलिस ने आरोपी युवक को मोबाइल,  1200 रुपये नगद तथा मोटर सायकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया । पुलिस द्वारा पकड़े गये सटोरिया से मिले मोबाइल पर खुली आईडी तथा फोन पे को चेक करने पर उसमें लगभग 12 लाख रूपये का हिसाब-किताब भी मिला।

पकड़े गये सटोरिया के 19 क्लाइंट है जो ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे। सटोरिया से पूछताछ में बताया कि अजयपुर के रहने वाले एक खाईबाज द्वारा उसे ऑनलाइन सट्टा खिलाने के लिये उक्त आईडी उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस द्वारा उक्त पकड़े गये सटोरिया के खिलाफ धारा 4क पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट व खाईबाज के खिलाफ 109 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews