Gwalior News: एक दिन में दो शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Gwalior News: एक दिन में दो शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। जिले में शनिवार की सुबह दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में दो शव (Body) मिलने से सनसनी फैल गई। किसी अज्ञात व्यक्ति ने ग्रामीण क्षेत्र हस्तिनापुर में एक मंदिर के पुजारी (Temple Priest) की कुल्हाड़ी मारकर हत्या (Murder) कर दी वहीं शहर के बीचों बीच स्थित साइंस कॉलेज (Science College) परिसर के सेप्टिक टैंक में एक शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस दोनों ही अंधे मामले सुलझाने में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक ग्वालियर जिले के देहात क्षेत्र के हस्तिनापुर थाना अंतर्गत आने वाले गाँव डंगोरा के सिद्ध बाबा मंदिर के पुजारी की किसी अज्ञात व्यक्ति ने बीती रात हत्या कर दी। यहाँ बाबा जानकी दास वर्षों से रह कर पूजा कर रहे थे,वे अविवाहित थे, उन्होंने सन्यास ले लिया था। गाँव में बाबा के पास 10 बीघा जमीन भी है लेकिन बाबा मंदिर पर ही जंगल में रहते थे। बीती रात वो रोज को तरह रात की आरती कर सो गए। लेकिन जब वो रोज की ही तरह सुबह 4-5 बजे नहीं उठे और देर तक सोते रहे तो मंदिर दर्शन करने आने वालों ग्रामीणों को चिंता हुई। जब बाबा आवाज़ देने पर भी नहीं उठे तो ग्रामीणों ने रजाई हटाई। तब समझ में आया कि किसी ने बाबा के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। एसपी अमित सांघी (SP Amit Sanghi) ने बताया कि फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड को भेजा गया है। अभी ये समझ पाना मुश्किल है कि बाबा की हत्या से किसको फायदा होने वाला था। शव को पीएम के लिए भेजकर मामला जांच में ले लिया है।

साइंस कॉलेज के सेप्टिक टैंक में मिला शव

उधर झांसी रोड थाना क्षेत्र में स्थित माधव राव सिंधिया शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय यानि साइंस कॉलेज (Science College) के ओल्ड बॉयज होस्टल (Old Boys Hostel) के पास बने एक सेप्टिक टैंक से पुलिस ने शव बरामद किया है। सीएसपी रतनेश सिंह तोमर (CSP Ratnesh Singh Tomar) ने बताया कि ओल्ड बॉयज होस्टल (Old Boys Hostel) के आसपास झाड़ियों में बकरी चराने वाले ने सेप्टिक टैंक में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। चूंकि शव की हालत बहुत खराब हो चुकी है। करीब 20-25 दिन पुराना लग रहा है इसलिए ये पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर शव की पड़ताल के बाद उसे पीएम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews