Gwalior News : डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती लेने वाले तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार, आईफोन और कैश बरामद

Gwalior News : डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती लेने वाले तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार, आईफोन और कैश बरामद

Gwalior News : ग्वालियर पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की है, थाटीपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए थाना शहर के प्रतिष्ठित डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती वसूलने वाले तीन अपहरणकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, पकड़े गये आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा राउण्ड बरामद किये हैं।पुलिस ने फिरौती की रकम से खरीदे गये 02 आईफोन मोबाइल एवं नगद एक लाख रुपये भी आरोपियों से बरामद किये हैं।

अपहरण कर डॉक्टर से फिरौती वसूली, फिर छोड़ दिया बदमाशों ने 

आपको बता दें कि 20 जुलाई 2023 को शहर के जाने माने डॉक्टर प्रमोद पहारिया को दोपहर के समय उनके हॉस्पिटल से घर जाते समय रास्ते में एक्सीडेंट का नाटक कर अज्ञात बदमाशों ने अपहरण किया और फिरौती की रकम 4 लाख रुपये से अधिक वसूल कर उन्हें छोड़ दिया था, घटना की जानकारी डॉक्टर ने पुलिस को दी।

दिनदहाड़े अपहरण फिर फिरौती लेकर छोड़ने की घटना ने पुलिस के होश उड़ाए 

दिन दहाड़े अपहरण कर फिरौती वसूलने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने घटना वाली जगह का मुआयना किया, थाटीपुर टी आई विनय शर्मा और एवं क्राइम ब्रांच थाना टी आई अमर सिंह सिकरवार की टीम को आरोपियों का सुराग लगाकर उनकी गिरफ़्तारी के निर्देश दिए।

एसपी ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी बदमाशों के पीछे लगाया 

एसपी ने इन दोनों थानों के अलावा सीएसपी और एडिशनल एसपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अपहरणकर्ताओं की तलाश करने के निर्देश दिए। एमपी के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर पुलिस टीमों ने अपहरण करने वाले बदमाशों की तलाश शुरू की।

फिरौती देते समय बुजुर्ग पिता द्वारा खींचे बदमाश के फोटो से बदमाशों तक पहुंची पुलिस 

विवेचना के दौरान पुलिस को फरियादी ने बताया कि उसके पिता ने घर पर फिरौती के पैसे लेने आये एक आरोपी का फोटो खींच लिया था। पुलिस ने फोटो वाले बदमाश की जब तलाश की तो वो श्रीनगर कॉलोनी मुरार का निवासी मिला। पुलिस ने उस  संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की तो वो घर पर नहीं मिला।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा 

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति अपने दो अन्य साथियों के साथ चम्बल कॉलोनी की तरफ जाते हुए देखा गया है। सूचना मिलते हीसंयुक्त टीम मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची तो फोटो वाला लड़का अपने दो अन्य साथियों के साथ खड़ा दिखाई दिया, पुलिस टीम को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने  घेराबंदी कर  तीनों को पकड़ लिया ।

मरीज को दिखाते समय डॉक्टर की कमाई देखकर बनाई किडनेप की योजना  

पूछताछ करने पर फोटो वाले लड़के ने स्वयं को श्रीनगर कालोनी थाटीपुर, दूसरे ने ग्राम नगरा थाना माता बसैया हाल आदर्श नगर थाना महाराजपुरा तथा तीसरे संदिग्ध ने फूलपुरा हाल आदर्श नगर थाना महाराजपुरा का रहने वाला बताया। फोटो वाले लड़के से उक्त अपहरण व फिरौती की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि करीब 15-20 दिन पहले उसने अपने बड़े भाई को लेकर डॉक्टर प्रमोद पहारिया के क्लीनिक पर उसे काम दिलाने के लिए गया था, तभी मैंने देखा कि इस डॉक्टर के पास कई मरीज आते हैं और डॉक्टर की अच्छी कमाई है, अगर इसको किडनैप कर ले तो अच्छा पैसे मिलेगा।

19 जुलाई को रैकी की, 20 को दिन में किया डॉक्टर पहारिया का अपहरण 

उसके बाद मैंने अपने प्लान के संबंध में अपने दोस्त को बताया उसके बाद मेरा दोस्त अपने दो अन्य साथियों को लेकर आया और 19 जुलाई को क्लीनिक के आसपास रैकी की फिर दिनांक 20 जुलाई को योजना के अनुसार दोपहर लगभग 03 बजे डॉक्टर के घर जाते समय एक्सीडेंट का नाटक कर उनकी कार को रोका और कट्टा अड़ाकर गाड़ी सहित डॉक्टर को लेकर हाइवे की ओर निकल गये।

फिरौती की रकम आपस में बांटी, फिर चले गए घूमने 

बदमाशों ने बताया कि डॉक्टर को ले जाने के बाद अपने एक साथी को मोटर साइकिल से डॉक्टर के घर उसके पिता से 04 लाख रुपये मंगवाने के लिए भेजा और डॉक्टर के फोनपे से एक एमपी ऑनलाइन वाले के क्यूआर कोड पर 24 हजार रुपये डलवाकर उससे नगद ले लिए। उसके बाद डॉक्टर को गाड़ी सहित छोड़कर हम लोग चले गये थे। उसके बाद हम चारों लोगों ने 01 लाख 05 हजार रुपये प्रत्येक के हिस्से में बाँट लिये थे। पुलिस टीम को पूछताछ में ज्ञात हुआ कि फिरौती के हिस्से में आई रकम से दो बदमाशों ने आईफोन खरीद लिये व घूमने के लिये खाटू श्याम व दिल्ली चले गये थे।

2 आईफोन बरामद, चौथा आरोपी अभी पुलिस पकड़ से दूर

वापस लौटते ही पुलिस टीम ने उक्त घटना के 03 आरोपियों को दबोच लिया व उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा व दो जिंदा राउण्ड, मोटर सायकिल, एवं फिरौती के पैसों से खरीदे गये 02 आईफोन मोबाइल एवं नगदी 01 लाख रुपये जब्त कर लिये गये है। पुलिस इनके चौथे साथी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

[dgv_vimeo_video id=”848363368″]

[dgv_vimeo_video id=”848363587″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews