Honda City कार में बीच सड़क पर खिला रहे थे IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा, दो सटोरिये गिरफ्तार, मोबाइल में मिला लाखों रुपयों का हिसाब

Honda City कार में बीच सड़क पर खिला रहे थे IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा, दो सटोरिये गिरफ्तार, मोबाइल में मिला लाखों रुपयों का हिसाब

Gwalior News : होंडा सिटी कार (Honda City Car) में बैठकर आईपीएल (IPL 2023) मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे दो सट्टेबाजों को ग्वालियर की क्राइम ब्रांच थाना और थाटीपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया है, पकड़े गये सटोरिया से नगद रुपये, एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल, दो आईफोन तथा एक होंडा सिटी कार को जब्त किया है। सटोरियों के पास से लगभग पांच लाख रुपये का हिसाब-किताब भी मिला है।

ग्वालियर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर ग्वालियर जिले में सटोरियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि थाटीपुर थाना क्षेत्र में सिंचाई कालोनी में दो व्यक्ति होंडा सिटी कार में मुंबई इण्डियंस एवं रॉयल चैलेन्जर्स बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए जा  रहे हैं।  सूचना मिलते ही एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम  राजेश दंडोतिया को क्राइम ब्रांच थाना और थाटीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर सटोरियों पर कार्यवाही के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की संयुक्त टीम मुखबिर के बताये स्थान सिंचाई कालोनी के पास पहुंची। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंचकर होंडा सिटी कार की तलाश की, पुलिस को एक  कार अजाक्स कार्यालय के पास खड़ी दिखी, जिसके पास जाकर देखा तो उसमें दो व्यक्ति मोबाइल चलाते हुए दिखे।

पुलिस टीम को देखकर संदिग्धों ने कार को स्टार्ट कर भगाने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क खड़ी पुलिस ने उन्हें  घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर ड्रायवर के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने स्वयं को दर्पण कालोनी का तथा ड्रायवर ने भदौरिया मार्केट आमखो कम्पू का रहने वाला बताया। ड्रायवर के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल तथा एक आईफोन एवं 5000/-रुपये नगद मिले। कार चालक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक आईफोन मोबाइल मिला।

पकड़े गये सटोरियों से जब आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के संबंध में पूछताछ की गई तो पहले उन्होंने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों सटोरियों के पास से मिले मोबाइलों में गूगल क्रोम ब्राउजर ओपन करने पर 1एक्स.नेट नाम से आईडी खुली हुई पाई गई, जिसके माध्यम से यह लोग मुंबई इण्डियंस एवं रॉयल चैलेन्जर्स बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाईन सट्टा खिला रहे थे।

पुलिस को सटोरियों के मोबाइल से लगभग 05 लाख रुपये का हिसाब-किताब भी मिला। पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ थाना थाटीपुर में धारा 4क पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट का प्रकरण पंजीबद्व किया है पुलिस आरोपियों से सट्टे के सम्बन्ध में और पूछताछ कर रही है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews