अवैध हथियार बेचने आया तस्कर डील से पहले ही गिरफ्तार, 4 देसी कट्टे व 2 जिन्दा राउंड जब्त

आरोपी तस्कर मुकेश सिंह चौहान की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक काले रंग का बैग जिसमें कपडे़ भरे थे और पेन्ट की जेब से एक आसमानी रंग का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
illegal weapons

Gwalior News : ग्वालियर  की क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर के 04 देशी कट्टे और 315 बोर के 02 जिंदा कारतूस जब्त किये हैं, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वो किसे हथियार बेचने आया था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक क्राईम ब्रांच को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति काले रंग की स्प्लेण्डर मोटरसाइकल क्रमांक एमपी07-एनजे-4314 से अवैध हथियार की तस्करी हेतु सिरोल पहाड़िया के पास आने वाला है। उक्त मुखबिर सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों को हथियार तस्कर के खिलाफ कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

पुलिस को देखकर आरोपी ने लगाई दौड़

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देश पर पुलिस की टीम मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची, पुलिस टीम को मुखबिर के बताये हुलिया का व्यक्ति पीठ पर काले रंग का पिट्ठू बैग टांगे खड़ा दिखा और पास में ही उसके स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल खड़ी थी। पुलिस टीम की उपस्थिति का अहसास होने पर उसके द्वारा दौड़ लगा दी जिसे क्राईम ब्रांच टीम द्वारा दौड़कर घेराबंदी कर पकड़ा।

तस्कर के बैग में मिले 4 देसी कट्टे और 2 जिन्दा राउंड 

पुलिस ने पकडे गए व्यक्ति का नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम मुकेश सिंह चौहान पुत्र राजबहादुर सिंह चौहान उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम बिरगवां तहसील मेहगांव जिला ग्वालियर हाल गुना बायपास गौशाला के पास शिवपुरी का होना बताया। पकड़े गये व्यक्ति की पीठ पर टंगे काले रंग के पिट्ठू बैग को उतरवाकर चेक किया तो उसके अंदर रखे थैले में 315 बोर के 04 देशी कट्टे व 315 बोर के 02 जिंदा कारतूस मिले व पास में खड़ी काले रंग की स्प्लेण्डर मोटरसाइकल क्रमांक एमपी07-एनजे-4314 के बारे में पूछने पर उसने स्वयं की होना बताया।

तस्कर से पूछताछ कर रही पुलिस 

आरोपी तस्कर मुकेश सिंह चौहान की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक काले रंग का बैग जिसमें कपडे़ भरे थे और पेन्ट की जेब से एक आसमानी रंग का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया और हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस आरोपी से उससे अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews