पुलिस में फिर पहुंची Bigg Boss फेम तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत, जानें क्या है पूरा मामला

तान्या मित्तल जैसे चर्चित चेहरे का कार्बाइड गन चलाते वीडियो वायरल होना चर्चा का विषय बन गया है, हालाँकि वीडियो पुराना है लेकिन सोशल मीडिया पर तेजी से लोग इसे शेयर कर रहे हैं।
Tanya Mittal

बिग बॉस फेम तान्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं और इस बार भी उनके सुर्ख़ियों में होने का कारण एक विवाद ही है। उनके खिलाफ एक व्यक्ति ने ग्वालियर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, आइये जानते हैं पूरा मामला क्या है।

दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर तान्या मित्तल का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो कार्बाइड गन चलाती हुई दिखाई दे रही हैं , चूँकि इस दिवाली पर कार्बाइड गन का बहुत उपयोग हुआ जिससे ग्वालियर सहित प्रदेश के कई  शहरों में बच्चों की आँखों की रौशनी प्रभावित हुई जिसके चलते कार्बाइड गन को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

शिकायत में ये कहा है आवेदक ने  

तान्या मित्तल का कार्बाइड गन चलाते वीडियो पुराना है लेकिन ग्वालियर निवासी शिशुपाल सिंह कंषाना ने एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल को इस वीडियो की शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश और कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा जारी आदेशों का उल्लेख करते हुए एफआईआर की मांग की है।

कार्बाइड गन पर लगा है पूर्ण प्रतिबंध 

आपको बता दें कि यह वही गन है जिसके इस्तेमाल पर ग्वालियर कलेक्टर ने धारा 163 के तहत पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, जानकारी के मुताबिक प्रदेश में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की कार्बाइड गन के कारण आंख की रौशनी प्रभावित हुई है और वो इलाज करवा रहे हैं। सिर्फ ग्वालियर ही नहीं भोपाल, इंदौर, विदिशा सहित अन्य जिलों ने भी कार्बाइड गन प्रतिबंधित की है।

पुलिस ने शिकायत की जाँच के निर्देश दिए 

एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने कहा कि हमें शिकायत मिली है जिसमें तान्या मित्तल के उस वीडियो का जिक्र है जिसमें वो प्रतिबंधित कार्बाइड गन चलते दिखाई दे रहीं हैं इसकी जांच के लिए साइबर टीम को निर्देश दे दिए गए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से की ये अपील 

एडिशनल एसपी ने कहा है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये ग्वालियर कलेक्टर ने कार्बाइड गन प्रतिबंधित की है ग्वालियर पुलिस ने भी इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर की है उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील करते हुए कहा कि कोई भी वीडियो यदि दिखाई दी तो उसे रिपोर्ट करें जिससे उस प्लेटफ़ॉर्म से वो हट जाये, उन्होंने कहा कि इस वीडियो को भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

14 अक्टूबर को भी हो चुकी है पुलिस में शिकायत 

गौरतलब है कि तान्या मित्तल के खिलाफ मुंबई से आये एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने 14 अक्टूबर को ग्वालियर पुलिस में शिकायत की थी। फैजान अंसारी ने एसपी को दिए शिकायती आवेदन में तान्या मित्तल पर झूठ बोलने, शहर और राज्य को बदनाम करने और उसके बॉयफ्रेंड बलराज को साजिश रच कर जेल पहुँचाने के गंभीर आरोप लगाये हैं, फैजान ने अपने आवेदन में लिखा कि वे तान्या के खिलाफ न्यायालय भी जायेंगे।

तान्या का ये वीडियो हो रहा वायरल 

[dgv_vimeo_video id=”1130665161″]

पुलिस का ये कहना है 

[dgv_vimeo_video id=”1130665249″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews