
ग्वालियर जिले के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर पर देर रात एक धान से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर टकराया, जिसने दुकानदारों और श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया, इस भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 42 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
ग्वालियर में शनिवार रविवार रात लगभग 1:30 बजे शीतला माता मंदिर पर उस समय चीख पुकार मच गई जब चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मेन गेट से टकरा गया।
15 श्रद्धालुओं की मौत
घटना होते है वहाँ भगदड़ मच गई, नवरात्रि के चलते मंदिर पर भारी भीड़ थी। जो ट्रक की चपेट में आ गई, घटना में 14 लोगों की मौत की खबर है जबकि करीब 42 घायल हैं। जिनका इलाज जारी है, कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से हादसे की जानकारी ली और अस्पताल अधीक्षक को उनके उचित इलाज के निर्देश दिये।

फरार ट्रक ड्राइवर और मालिक गिरफ्तार
हादसे के बाद से ही पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार ट्रक ड्राइवर दिलबाग और ट्रक मालिक मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की सूची

CM मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन
मुआवजे का ऐलान
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए हैं।
ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। मंत्रीद्वय श्री @Aidalsinghkbjp जी और @RakeshShukla_12 जी को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।
बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 18, 2026
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया दुःख
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर पर हुए भीषण हादसे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि माँ शीतला के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। सिंधिया ने बताया कि वे लगातार राज्य सरकार और जिले के प्रभारी मंत्री के संपर्क में हैं। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता और सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
ग्वालियर में हुआ भीषण हादसा अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। माँ शीतला के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के असामयिक निधन से मन व्यथित है।
मध्य प्रदेश शासन एवं प्रभारी मंत्री के निरंतर संपर्क में हूँ। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों एवं घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी घायलों का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने को भी निर्देशित किया गया है।
इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। माँ जगदम्बा दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) October 18, 2026
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जताया दुख
ग्वालियर हादसे पर दुख जताते हुए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, वे उन्हें नमन करते हैं, उन्होंने पीड़ित परिवारों से कहा कि इस संकट की घड़ी में मध्य प्रदेश सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इस दुखद घटना की पूरी जांच-पड़ताल की जाए और जो भी दोषी होगा, उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अतुल सक्सेना की रिपोर्ट

