चलती बस में अचानक उठीं लपटें, खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले 25 यात्री, ग्वालियर से भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की बस में लगी आग

ग्वालियर में शनिवार रात भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस में विवेकानंद तिराहे के पास अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार बस में करीब 25 यात्री सवार थे। धुआं भरने के बाद यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़ दिए और दरवाजे व खिड़कियों से बाहर निकलकर जान बचाई।
चलती बस में अचानक उठीं लपटें, खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले 25 यात्री, ग्वालियर से भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की बस में लगी आग

ग्वालियर में शनिवार रात भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की बस में अचानक भीषण आग लग गई। दरअसल घटना चेतकपुरी स्थित विवेकानंद तिराहे की है जहां रात करीब 9:30 बजे बस के पिछले हिस्से से अचानक लपटें उठने लगीं। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलना शुरू किया। बस स्टाफ और यात्रियों की मदद से सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दरअसल बस रात करीब 9 बजे ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। करीब आधे घंटे बाद विवेकानंद तिराहे के पास यात्रियों को बस के अंदर धुआं दिखाई दिया। यात्रियों ने तुरंत चालक और क्लीनर को इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद बस तिराहे पर यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी। इसी दौरान बस के पिछले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं और आग तेजी से फैल गई।

बस में धुआं भरते ही मची चीख-पुकार

वहीं आग बढ़ते ही यात्रियों ने बाहर निकलने की कोशिश शुरू कर दी। बस का दरवाजा खोलकर कई यात्री बाहर निकले, जबकि कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। इसके बाद लोग खिड़कियों और दरवाजे से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचे। बस स्टाफ ने भी यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। देखते ही देखते बस खाली हो गई और सभी 25 यात्री बाहर निकल गए।

फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची

वहीं आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। दमकल की दो गाड़ियों ने बस पर पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में बस का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के दौरान सड़क पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की लपटें और बस से निकलता धुआं देखकर आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि बस में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।

धुएं से बुजुर्ग हार्ट पेशेंट बेहोश

वहीं हादसे के दौरान बस में सवार एक बुजुर्ग यात्री धुएं के कारण बेहोश हो गए। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग हार्ट पेशेंट थे। यात्रियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस से बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर होने पर मौके पर ही CPR दिया गया। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उन्हें JAH के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

अतुल सक्सेना, ग्वालियर

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews