कोरोना वायरस को लेकर मंत्री ने बैठक में अफसरों को दिए निर्देश

कोरोना वायरस को लेकर मंत्री ने बैठक में अफसरों को दिए निर्देश

ग्वालियर। अतुल सक्सेना।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी ऐहतियाती प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। इससे निपटने के लिए सतर्कता आवश्यक है। स्वास्थ्य मंत्री सिलावट ने शुक्रवार को मोतीमहल के मानसभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की बैठक में यह बात कही है। उनके साथ प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पल्लवी जैन गोविल ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कोरोना वायरस से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रबंधों के संबंध में आयोजित इस बैठक में संभागीय आयुक्त एम बी ओझा, डीआईजी ग्वालियर ए के पाण्डेय एवं डीआईजी चंबल अशोक गोयल, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, सीईओ स्मार्ट सिटी महिप तेजस्वी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें डॉ. दीक्षित सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री सिलावट ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सावधानी आवश्यक है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क रहे। जहां से भी संभावित लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत परीक्षण की कार्रवाई कर उपचार शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा वायरस की जांच के लिए पुणे की आईसीएमआर संस्था को अधिकृत किया गया है। अगर आवश्यकता हो तो सेम्पल लेकर इस संस्था को जांच के लिए भेजे जाएं। यह सेम्पल मेडीकल कॉलेज की देखरेख में बायोलॉजी लैब द्वारा भेजे जायेंगे। प्रमुख सचिव श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि पिछले दिनों चीन के बुहान शहर में एक नए प्रकार के कोरोना वायरस से निमोनिया के प्रकरण पाए गए हैं। इस वायरस से सर्दी, खाँसी, एमईआरएस तथा एसएआरएस जैसी बीमारियां होती है। इसमें मनुष्य से मनुष्य में संक्रमण फैलने की संभावना होती है। सभी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डों पर चीन व इस वायरस से प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। प्रदेश के हवाई अड्डों पर भी स्क्रीनिंग का कार्य प्रारंभ हो गया है। ग्वालियर हवाई अड्डे पर भी स्क्रीनिंग का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने बैठक में कहा कि मेडीकल कॉलेज के साथ-साथ सभी अस्पतालों में भी कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों के उपचार एवं देखरेख के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रमुख सचिव श्रीमती गोविल ने बैठक में संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर से कहा कि वे ग्वालियर एवं संभाग के अन्य जिलों में भी कोरोना वायरस से सतर्क रहने तथा सभी आवश्यक प्रबंध करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। इसके साथ ही इसकी निरंतर मॉनीटरिंग भी करें।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews