Khelo India Youth Games-2022 : बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ ग्वालियर में हुआ आगाज,कर्नाटक के शटलर्स का जलवा, MP की ऐश्वर्या मेहता को वॉकओवर

Khelo India Youth Games-2022 : बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ ग्वालियर में हुआ आगाज,कर्नाटक के शटलर्स का जलवा, MP की ऐश्वर्या मेहता को वॉकओवर

Khelo India Youth Games-2022 : ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में मंगलवार 31 जनवरी को बैडमिंटन प्रतियोगिता के साथ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का आगाज हुआ। यहां कम्पू खेल परिसर स्थित पुलेला गोपीचंद मध्य प्रदेश उत्कृष्ट बैडमिंटन अकादमी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  आशीष तिवारी ने पहले मैच में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पहले दिन कर्नाटक के शटलरों का जलवा रहा, नाथन राज, कर्णिका, सात्विक व तुषार अगले दौर में प्रवेश कर गए वहीं मध्य प्रदेश की ऐश्वर्या मेहता, आंध्रप्रदेश के दोनेपुड़ी व तेलंगाना के लोकेश रेड्डी को वॉकओवर मिला, उनसे मुकाबला करने वाले प्रतिद्वंद्वी निश्चित समय तक रिपोर्ट नहीं कर पाए।

बैडमिंटन अकादमी में खेले गए मुकाबले 

ग्वालियर में कम्पू खेल परिसर (Kampu Sports Complex Gwalior) स्थित मध्य प्रदेश बैडमिंटन अकादमी (Madhya Pradesh Badminton Academy Gwalior)  में मंगलवार से शुरू हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक की शटलर कर्णिका श्री ने सीधे सेटों में छत्तीसगढ़ की हीरल चौहान को 21-18 व 21-17 से हराया। बालक वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक के निकोलस नाथन राज ने राजस्थान के संस्कार सारस्वत को 14-21, 21-09 व 21-13 से शिकस्त दी।

इन खिलाड़ियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा 

बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन हुए अन्य मैचों में कर्नाटक के सात्विक शंकर ने दमनद्वीव के हर्ष चदसामा को 21-06, 21-09 से, पंजाब के अभिनव ठाकुर ने तमिलनाडु स्टेट के सात्विक रेड्डी को 21-07 व 21-11 से, उत्तर प्रदेश के गार्गिल गार्गी ने दमनद्वीव के अक्षयराज कुमार को 21-05 व 21-06 से, कर्नाटक के तुषार सुबीर ने मध्य प्रदेश के उदय मुक्ति को 21-11 व 21-11 से, महाराष्ट्र की नायशा कौर भटोए ने राजस्थान की साक्षी फोगाट को सीधे सेटों में 21-18 व 21-10 एवं हरियाणा के मनराज सिंह ने कर्नाटक के आयुष शेट्टी (2) को 21-18 व 21-13 से हराया। मध्य प्रदेश की शटलर ऐश्वर्या मेहता, आंध्रप्रदेश की रस्मिता दोनेपुड़ी और तमिलनाडु के लोकेश रेड्डी को वॉकओवर मिला।

1 फरवरी से LNIPE में होंगे जिम्नास्टिक के मुकाबले 

ग्वालियर स्थित एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन) में एक फरवरी से जिम्नास्टिक प्रतियोगिता शुरू होंगीं। इसमें देश भर के 200 से अधिक जिम्नास्ट शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम मध्य प्रदेश में 18 जिम्नास्ट (7 पुरुष और 11 महिला) भाग लेंगे।

जोश से भरी हुई है महिला जिम्नास्टिक टीम

मध्य प्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम की कोच सुश्री मेघा साहू का कहना है कि उन्हें अपनी बालिका जिम्नास्टों से पदकों की बड़ी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्नास्ट मानसिक रूप से तनावग्रस्त नहीं हैं। हमारी लड़कियों ने कड़ी मेहनत की है और हम यहाँ पदक जरूर प्राप्त करेंगे। मध्य प्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम में ग्यारह लड़कियां विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। जिनमें पांच लड़कियां रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जबकि अन्य 6 बालिकायें कलात्मक जिम्नास्टिक प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।

पुरुष जिम्नास्टिक टीम को पदकों को पूरा भरोसा 

मध्य प्रदेश बालक जिम्नास्टिक टीम के सात खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मध्य प्रदेश बॉयज जिम्नास्टिक टीम के कोच सतनारायण पड़वार ने कहा है कि “उनकी टीम के सातों लड़के पूरी तरह से फिट है और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘यह अनुमान लगाना संभव नहीं है कि हम कितने पदक जीतेंगे लेकिन मुझे अपने लड़कों से कम से कम तीन से चार पदक मिलने की उम्मीद है। जिम्नास्ट दीपेश लश्करी और घनश्याम बिल्लोरे से पदकों का पूरा भरोसा है। टीम के अन्य जिम्नास्ट से भी मध्य प्रदेश को पदकों की उम्मीद है।

चार गेम की मेजबानी कर रहा है ग्वालियर 

गौरतलब है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ 30 जनवरी को भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में हुआ। ऐतिहासिक ग्वालियर शहर खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत बैडमिंटन, जिमनास्टिक्स, हॉकी और कलरीपयट्टू की मेजबानी कर रहा है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews