Lok Sabha Election 2024: राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारकों को शर्तों के साथ आवंटित होंगे विश्राम गृह, नहीं कर सकेंगे बैठक, पत्रकार वार्ता

Election Commission of India

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा निर्वाचन की तैयारियां गति पकड़ चुकी हैं, कुछ पार्टियाँ अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी हैं तो कुछ स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर चुकी है जबकि कुछ पार्टियाँ अभी तक पूरे प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है लेकिन निर्वाचन आयोग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है, जिला निर्वाचन अधिकारी भी अपने जिले में व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं।

“पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर आवंटित होंगे विश्राम गृह 

इसी क्रम में ग्वालियर जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन के दौरान चुनाव प्रचार के लिये आने वाले विशेष श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त विभिन्न राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारकों को जिले के विश्राम गृह शर्तों के साथ आवंटित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि विश्राम गृह “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर आवंटित किया जायेगा।

खर्च प्रत्याशी के खाते में जुड़ेगा, विश्राम गृह में नहीं कर सकेंगे बैठक, पीसी 

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चौहान द्वारा जारी किए गए आदेश में स्पष्ट किया है कि विश्राम गृह आरक्षित कराने के लिये स्टार प्रचारकों के आगमन की तारीख व कार्यक्रम का विस्तृत ब्यौरा देकर अपर जिला मजिस्ट्रेट (ADM Office) कार्यालय में आवेदन करना होगा। साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित विश्राम गृह का किराया लोक निर्माण विभाग खण्ड-1 के कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराना होगा। यह व्यय प्रत्याशी को अपने लेखे-जोखे में यानि प्रत्याशी व्यय में शामिल करना होगा। आदेश में कहा गया है कि विश्राम गृह में चुनाव से जुड़ी बैठक राजनैतिक गतिविधियाँ व किसी प्रकार की प्रेस वार्ता आयोजित किए जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews