Lok Sabha Election 2024: बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता को मिलेगी घर पर वोट डालने की सुविधा, घर घर पहुंच रहे BLO  

Lok Sabha Election 2024
Lok Sabha Election 2024: निर्वाचन आयोग ने 85 वर्ष से अधिक उम्र वाले और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को घर से ही वोट डालने की सुविधा उपलब्ध कराई है इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर उनके घर पहुंचकर उन्हें निर्धारित फॉर्म देकर सहमति ले रहे हैं।

BLO पहुंचा रहे फॉर्म डी, बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर की ले रहे सहमति  

मध्य प्रदेश के सभी जिलों की तरह ग्वालियर  जिले में भी बीएलओ घर-घर जाकर 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को फॉर्म-12डी प्रदान कर पावती ले रहे हैं। साथ ही जो बुजुर्ग व दिव्यांग अपने घर पर ही वोट डालना चाहते हैं उनकी सहमति भी ले रहे हैं। जिले में आगामी 18 अप्रैल तक चिन्हित बुजुर्गों को फॉर्म-12डी का वितरण कर भरे हुए व हस्ताक्षरित फॉर्म संकलित करने का काम किया जायेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी सहमति 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि जिले में चिन्हित ऐसे सभी बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के घर पर बीएलओ पहुँचें और उन्हें फॉर्म-12डी उपलब्ध कराएँ। साथ ही निर्धारित तिथि तक भरे हुए फॉर्म प्राप्त करें, जिससे सहमति के आधार पर उन्हें घर पर ही वोट डालने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

ग्वालियर जिले में ये है 85 वर्ष से अधिक बुजुर्ग मतदाता की संख्या 

डाक मत पत्र प्रभारी एवं संयुक्त कलेक्टर अशोक चौहान ने बताया कि जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 7 हजार 249 मतदाता हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण के 1173, ग्वालियर के 1120, ग्वालियर पूर्व के 1276, ग्वालियर दक्षिण के 1291, भितरवार के 1258 व डबरा (अजा) के 1131 बुजुर्ग मतदाता शामिल हैं।

कुल इतने हैं 40% से अधिक दिव्यांगता वाले वोटर 

उन्होंने बताया जिले में 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं की संख्या 12004 है। जिसमें ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 2022, ग्वालियर के 1666, ग्वालियर पूर्व के 1521, ग्वालियर दक्षिण के 1873, भितरवार के 1974 व डबरा (अजा) के 2948 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।

एक बार नहीं मिले तो मतदान दल को दूसरी बार घर पहुँचने के निर्देश 

डाक मत पत्र प्रभारी ने बताया कि घर पर ही वोट डालने की सहमति देने वाले पात्र बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों और लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को भी दी जायेगी। साथ ही पात्र मतदाताओं को घर पर वोट डलवाने के लिये निर्धारित तिथि की सूचना भी दी जायेगी। यदि मतदान दल के पहुँचने पर चिन्हित बुजुर्ग या दिव्यांग मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो मतदान दल दूसरी बार भी ऐसे मतदाता के घर वोट डलवाने पहुँचेगा। मतदान दल द्वारा पूरी गोपनीयता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराई जायेगी। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी।
Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews