MP News: अमरवाड़ा में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी, 13 जुलाई शनिवार को होगी वोटों की गिनती

प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाईजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट, एक काउंटिंग स्टॉफ तथा एक माइक्रो ऑर्ब्जवर रहेगा। करीब 75 गणनाकर्मी मतगणना सम्पन्न कराएंगे।
Election 2024

MP News : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट के लिए 10 जुलाई को डाले गए वोटों की गिनती कल शनिवार 13 जुलाई को सुबह 8 बजे शुरू होगी, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने बताया कि मतगणना शासकीय पीजी कॉलेज भवन, छिंदवाड़ा में दो हॉल में कराई जाएगी। मतगणना के सभी इंतजाम किए जा चुके हैं। रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गये हैं।

332 मतदान केन्द्रों की मतगणना के लिये लगाई जाएंगी 17 टेबल्स

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के 332 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं द्वारा ईव्हीएम में डाले गये मतों की गणना के लिए 17 टेबल्स एवं पोस्टल बैलेट की मतगणना के लिये 4 टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना लगभग 20 राउंड में सम्पन्न कराई जाएगी।

मतगणना स्थल पर रहेगी त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

मतगणना स्थल पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। केवल अधिकृत पासधारी व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति मतगणना सेंटर पर प्रवेश नहीं करेगा। मतगणना कर्मियों का त्रि-स्तरीय रेण्डमाईजेशन होगा। प्रथम एवं द्वितीय स्तर का रेण्डमाईजेशन हो चुका है। तृतीय रेण्डमाईजेशन 13 जुलाई को सुबह 5 बजे किया जायेगा। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाईजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट, एक काउंटिंग स्टॉफ तथा एक माइक्रो ऑर्ब्जवर रहेगा। करीब 75 गणनाकर्मी मतगणना सम्पन्न कराएंगे।

मतगणना हॉल के भीतर ये सामग्री ले जा सकेंगे

मतगणना हॉल के भीतर पासधारी अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता को कोरा कागज, मतपत्र लेखा प्रारूप 17 सी भाग-1 की प्रति, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रदाय किए गए ईवीएम और वीवीपैट की सूची जो विभिन्न मतदान केन्द्रों में प्रयोग में लाई गई है तथा प्लास्टिक पेन या पेंसिल ले जाने की अनुमति रहेगी।

ये सामग्री रहेगी प्रतिबंधित

मतगणना हॉल में मोबाइल फोन, आईपैड, लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, कैमरा, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा प्रतिबंधित रहेगा। किसी को भी मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं हैI केवल आरओ, एआरओ, काउंटिंग सुपरवाइजर जो ईटीपीबीएमएस/इनकोर से जुडे हैं, वे केवल ईटीपीबीएमएस/इनकोर ओपन करने के लिए ओटीपी हेतु मोबाइल ले जा सकेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews