केंद्र की मदद से अंचल में बनेगा सब्जी उत्पादन से संबंधित राष्ट्रीय स्तर का ”सेंन्ट्रल ऑफ एक्सीलेंस”

केंद्र की मदद से अंचल में बनेगा सब्जी उत्पादन से संबंधित राष्ट्रीय स्तर का ”सेंन्ट्रल ऑफ एक्सीलेंस”

ग्वालियर । अतुल सक्सेना| मध्यप्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा है कि ग्वालियर के पास मुरैना जिले के नूराबाद में जल्द ही सब्जी उत्पादन से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के ”सेंन्ट्रल ऑफ एक्सीलेंस” (वेजीटेविल) की स्थापना होगी। विभागीय अधिकारियों को इस सेंटर की स्थापना के लिये एक हफ्ते के भीतर निविदा की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। श्री कुशवाह ने गुरुवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान इस आशय की जानकारी दी। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा नूराबाद में ”सेंन्ट्रल ऑफ ऐक्सीलेंस” (वेजीटेविल) स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है।

राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह आवंटित विभागों का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुँचे थे। यहाँ व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखकर आम नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस अवसर पर जीडीए के पूर्व अध्यक्ष अभय चौधरी एवं जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि ग्वालियर-चंबल संभाग सहित सम्पूर्ण प्रदेश में आत्मनिर्भर भारत के अन्तर्गत योजनाओं को मूर्तरूप देकर विभिन्न प्रकार की सब्जियों के लिये क्लस्टरों का चयन किया जायेगा। जिसमें ग्वालियर जिले के बरई (घाटीगाँव) विकासखण्ड में मटर की खेती, शिवपुरी में टमाटर एवं दतिया के सेंवडा विकासखण्ड में लहसून की खेती शामिल है। इस संबंध में भोपाल में विभागीय अधिकारियों को बैठक लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राज्य मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि शिवपुरी जिलें में टमाटर फसल उत्पादन एवं प्रसंस्करण के लिए किसानों की कार्यशाला आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित लगभग 300 नर्सरियों को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मनरेगा, एवं विभागीय मद से उन्नत किया जायेगा, जिससे प्रदेश के किसानों को उचित मांपदण्ड के फलदार पौधे एवं विभिन्न फसलों के मानक स्तर के बीज प्राप्त हो सकें।

शुक्रवार को रतनगढ़ जाएंगे राज्यमंत्री कुशवाह

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह 17 जुलाई को प्रात: 11 बजे ग्वालियर जिले के ग्राम दंगियापुरा में मनीरामदास महाराज के दर्शन कर नसरोल जिला भिंड के लिए रवाना होंगे । श्री कुशवाह नसरोल में मस्तराम महाराज मंदिर के दर्शन उपरांत रतनगढ़ जिला दतिया जाएंगे । रतनगढ़ में मां रतनगढ़ माता मंदिर में माता के दर्शन करेंगे । श्री कुशवाह रतनगढ़ से शाम को ग्वालियर वापस आयेंगे और ग्वालियर में स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे ।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews