मेडिकल कॉलेज के नए छात्रों ने ली महर्षि चरक शपथ, जीआर मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में हुआ MP का पहला आयोजन

समारोह के प्रारंभ में द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं का पुष्प वर्षा कर महाविद्यालय में स्वागत किया गया।
Maharishi Charak oath Gwl

Gwalior News : ग्वालियर के गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस सत्र-2024 के नवीन चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए महर्षि चरक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय एमबीबीएस के स्नातक छात्र-छात्राओं को महर्षि चरक की शपथ दिलाने वाला मध्यप्रदेश का पहला महाविद्यालय है। हाल ही में एनएमसी द्वारा चिकित्सा महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को महर्षि चरक शपथ दिलाने की भी सिफारिश की गयी थी।

समारोह के प्रारंभ में द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं का पुष्प वर्षा कर महाविद्यालय में स्वागत किया गया। इसके बाद गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर के एस धाकड़ ने शपथ का वाचन किया तथा सभी छात्र-छात्राओं ने साथ में शपथ लेकर अपने जीवन को मानव कल्याण के लिये समर्पित करने का संकल्प लिया।

मेडिकल कॉलेज डीन ने दिलाई शपथ 

इस अवसर पर गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय ग्वालियर के अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस.धाकड़ सहित संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ.सुधीर सक्सेना, विभागाध्यक्ष एनाटॉमी डॉ.अखिलेश त्रिवेदी, विभागाध्यक्ष फिजियोलॉजी डॉ.अजीत राजपूत, विभागाध्यक्ष डॉ.संजीव सिंह, अध्यक्ष आईएमए ग्वालियर ब्रांच डॉ.ब्रजेश सिंघल, सचिव आईएमए ग्वालियर ब्रांच डॉ.स्नेहलता दुबे, उप अधीक्षक डॉ.वीरेंद्र वर्मा, सहायक अधीक्षक डॉ.प्रवेश सिंह भदौरिया एवं अन्य चिकित्सा शिक्षक, छात्र-छात्राओं के परिजन उपस्थित रहे।

मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा व महर्षि चरक के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.मनीष चतुर्वेदी ने किया व कार्यक्रम की रुपरेखा डॉ.प्रीति पंचोली, डॉ.गौरव जैन व डॉ.गजेंद्र धाकड़ द्वारा बनाई गयी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews