PWD के मुख्य अभियंता एसएल सूर्यवंशी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग, पढ़ें पूरी खबर

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि चीफ इंजीनियर एसएल सूर्यवंशी के घर भोपाल में पदस्थापना के दौरान 2013 में  EOW का छापा पड़ा था, मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि ऐसा कोई भी अधिकारी फील्ड में नहीं होना चाहिये इसलिए इन्हें ग्वालियर से हटाया जाये।     
PWD Gwalior

लोक निर्माण विभाग ग्वालियर (PWD Gwalior) में पदस्थ मुख्य अभियंता एसएल सूर्यवंशी के खिलाफ कर्मचारी नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है, कर्मचारी यूनियनों के नेताओं के आरोप है कि चीफ इंजीनयर सूर्यवंशी ने कूट रचित दस्तावेज की मदद से दशकों पुराना हमारा कार्यालय हमसे छीनने का प्रयास किया है, नेताओं ने पुलिस में शिकायत देकर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है, वहीं मुख्य अभियंता को ग्वालियर से हटाने की भी मांग सरकार से की है।

ग्वालियर मध्य प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसियेशन और मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने आज लोक निर्माण विभाग के मुखिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर मुख्य अभियंता पर गंभीर आरोप लगाये और उन्हें ग्वालियर से कहीं और भेजने की मांग मुख्यमंत्री से की साथ ही पुलिस को शिकायती पत्र देकर एक आपराधिक प्रकरण भी दर्ज करने की मांग की।

दरअसल ये लड़ाई पुराने आरटीओ भवन के पास गोलघर (गेंद घर) पर बने संगठन के कार्यालय को लेकर है, मध्य प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसियेशन के संरक्षक वरिष्ठ कर्मचारी नेता इंजीनयर राजेंद्र सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि गोलघर पर स्थित कार्यालय के लिए हमें 1974 से मिला हुआ है, जब हमें ये भवन संगठन की बैठकों आदि के लिए दिया गया तब शासन के सभी नियमों का पालन किया गया जिसकी सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई, तभी से डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसियेशन का कार्यालय यहाँ संचालित है।

मुख्य अभियंता पर षड्यंत्र रचने का आरोप 

इंजीनियर भदौरिया ने बताया कि पिछले दिनों मुख्य अभियंता एस एल सूर्यवंशी ने एक शिकायत के आधार पर इस कार्यालय को हमसे छीनने की कोशिश की, हमने जब शिकायतकर्ता की तलाश की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की ना ही उनके हस्ताक्षर है, खास बात ये हैं शिकायत भाजपा नेता के नाम से की गई।

भाजपा नेता के नाम से की शिकायत, निकली फर्जी  

कनवर किशोर मंगलानी जिला उपाध्यक्ष भाजपा ने शिकायत से उनका कोई कनेक्शन नहीं बताया और ये लिखकर दिया कि उनके लैटरहैड का दुरुपयोग कर किसी ने फर्जी शिकायत की है, भदौरिया ने कहा कि चीफ इंजीनियर कूट रचित दस्तावेज की मदद से फर्जी शिकायत कर हमारा कार्यालय हथियाना चाहते हैं।

मुख्य अभियंता पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग 

संगठनों के नेताओं ने आज एकजुट होकर गोलघर पर धरना दिया और चीफ इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री से की, इंजीनियर भदौरिया ने कहा कि हमने भाजपा नेता के पत्र के साथ एक शिकायती पत्र पड़ाव पुलिस  थाने में दिया है और उसमें पूरा प्रकरण बताकर मांग की है मुख्य अभियंता एसएल सूर्यवंशी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाये।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews