कोरोना का असर, ग्वालियर में धारा 144 प्रभावी, सामूहिक आयोजनों पर रोक

कोरोना का असर, ग्वालियर में धारा 144 प्रभावी, सामूहिक आयोजनों पर रोक

अतुल सक्सेना/ग्वालियर । नोवेल कोरोना वायरस बीमारी के बढ़ते प्रकोप के चलते जिला दण्डाधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने ग्वालियर जिले में धारा 144 प्रभावी कर दी है। प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत जिले की सम्पूर्ण सीमा में सभी प्रकार के सामाजिक समारोह, जुलूस, सम्मेलन, सामूहिक भोज कार्यक्रम आदि जिसमें अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने की संभावना रहती है, ऐसे कार्यक्रम प्रतिबंधित कर दिए हैं।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिंह ने अपने प्रतिबंधात्मक आदेश में गुड़ी पड़वा एवं चैती चांद, रामनवमी एवं आगामी अन्य त्यौहारों के मद्देनजर जुलूस, चल समारोह की गतिविधियों पर प्रतिबंधित कर दिया है। जिले के समस्त होटलों, लॉज, धर्मशालाओं के मालिकों को ठहरने वाले यात्रियों, मुसाफिरों के संबंध में सम्पूर्ण विवरण एवं आवश्यक जानकारी क्षेत्र के थाना प्रभारी एवं जिला चिकित्सालय को देना अनिवार्य किया है। इसके साथ ही जिले के सार्वजनिक स्थलों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, बाग बगीचे, ताल तलैया, पर्यटन स्थल आदि स्थलों पर अधिक संख्या में आम जनों को एकत्रित होने पर प्रतिबंधित किया है। कलेक्टर ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति समुदाय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की पूर्व वैधानिक अनुमति प्राप्त किए बगैर ग्वालियर जिले की सीमा मे किसी भी स्थान पर जुलूस, मौन जुलूस, रैली, आमसभा, सामूहिक सम्मेलन जिसमें अधिक लोग एकत्रित होते हैं का आयोजन नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही सार्वजनिक पुस्तकालयों, वाटर पार्क, जिम तथा स्वीमिंग पूल 31 मार्च 2020 तक बंद रहेंगे। उक्त आदेश 10 अप्रैल 2020 तक प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने की दशा में भारतीय दण्ड विधान की धारा-188 एवं अन्य दण्डात्मक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जायेगी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews