हाथ पर AK 47 के टैटू बनाकर लोगों को धमकाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, अवैध हथियार भी जब्त

Gwalior News

Gwalior News, AK 47 tattoo on hand: लोकसभा चुनाव 2024 को देखते ही ग्वालियर पुलिस की निगाह हर संदिग्ध व्यक्ति और शातिर अपराधी पर है, पुलिस ने मुखबिर तंत्र मजबूत कर दिया है, जिसका लाभी भी मिल रहा है लगातार अवैध शराब, अवैध हथियार, अवैध मादक पदार्थ तस्कर और बदमाश पुलिस गिरफ्त में आ रहे हैं, इसी क्रम में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ने में सफलता हासिल की है जिनके हाथ में AK-47 सहित अन्य हथियारों के टैटू बने हैं, ये लोग टैटू दिखकर लोगों को धमकाते है और अपराध करते हैं, पूछताछ में पता चला है कि इनके गिरोह में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं , गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी पुलिस को मिले हैं ।

चुनावों को देखते हुए ग्वालियर पुलिस बहुत सतर्क है, शहर से लेकर ग्रामीण थानों की पुलिस लगातार चैकिंग कर रही है , गस्त कर रही है जिससे तत्काल एक्शन लिया जा सके, इसी क्रम में ग्वालियर जिले के ग्रामीण क्षेत्र की बिजौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि  ग्राम पारसेन में सिद्ध बाबा की पहाड़िया के पास एक मोटर साइकिल सवार युवक अवैध हथियार लिये किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।

सूचना के बाद एसडीओपी बेहट संतोष कुमार पटेल के एसपी धर्मवीर सिंह को जानकारी देने के बाद थाना प्रभारी बिजौली (प्रशिक्षु आईपीएस) अनु बेनीवाल को एक्शन लेने के निर्देश दिए। पुलिस टीम को मुखबिर के बताये हुलिये का संदिग्ध युवक मोटर साइकिल लिये खड़ा दिखाई दिया, पुलिस टीम को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। नाम पता पूछने पर उसने आलोक उर्फ कालू स्या पुत्र ऐसान स्या निवासी ग्राम पारसेन थाना बिजौली का होना बताया।

संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से कमर में खुरसा हुआ एक 315 बोर का देशी कट्टा मिला, कट्टे को खोलकर देखा गया तो उसमें एक कारतूस लगा मिला। थाना बिजौली पुलिस द्वारा उक्त बदमाश से अवैध हथियार एक 315 बोर का देशी कट्टा मय एक जिंदा राउण्ड मिला, उसके हाथ पर AK- 47 रायफल का टैटू भी बना मिला।  पूछताछ में पुलिस को मालूम चला  कि उनका 6-7 लोगों को गिरोह है जिसमें कुछ नाबालिग भी हैं जो कि अवैध हथियार अपने पास रखते हैं और यह लोग अपने शरीर पर हथियारों के टैटू दिखा कर लोगों को धमकाते हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है, जिससे उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर उनसे हथियार बरामद किए जा सके।

एक अन्य कार्रवाई के मुताबिक एसडीओपी  बेहट संतोष कुमार पटेल को सूचना मिली थी कि बेहट इलाके में एक युवक लोगों को शरीर पर बने हुए हथियारों के टैटू दिखा कर धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना बेहट से उप निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाह को पुलिस बल के साथ कार्यवाही के लिए भेजा गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर एक युवक वहां से भागने लगा, जिसका पीछा कर पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गये युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और जिन्दा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने पकड़े गए युवक के शरीर पर देखा तो कई हथियारों के टैटू बने हुए थे। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी तरह ही उसके कुछ अन्य साथी भी इसी तरह टैटू बनवाएं है और वह भी लोगों को धमकाते हैं। थाना बेहट पुलिस द्वारा पकडेगए  टैटू गैंग के सदस्य को उसके पिता द्वारा हथियारों के टैटू बनवाकर लोगों को धमकाने से रोकने पर आरोपी अकबर ने अपने पिता गुड्डू स्या निवासी पारेसन की मारपीट की थी, जिसकी शिकायत बिजौली थाने में की गई थी। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ थाना बेहट में आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews