पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। कुरुक्षेत्र के शाहबाद में अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।
उनकी यह यात्रा दयाल नगर से शुरू होकर मदनपुर, मोहनपुर, हबाना और तिगरी से होते हुए खेड़ा में संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ कांग्रेस के निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए नहीं, बल्कि जनता की असल आवाज उठाने का एक माध्यम बन गई है।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
बृजेंद्र सिंह ने बेरोजगारी को हरियाणा का सबसे बड़ा संकट बताते हुए सरकार पर युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा NET और PHD जैसी कठिन परीक्षाएं पास करने के बाद भी नौकरी के लिए भटक रहा है। सैकड़ों पदों के लिए मुट्ठीभर भर्तियां निकलती हैं और वह प्रक्रिया भी सालों तक लटकी रहती है।”
उन्होंने राज्य की नौकरियों में बाहरी उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी अन्य राज्य के युवाओं के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जब हरियाणा के लाखों युवा बेरोजगार हैं तो स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि अगर चयन सूची में बाहरी उम्मीदवार ज्यादा हैं तो सरकार को पारदर्शी आंकड़े जारी करने चाहिए।
ध्वस्त कानून व्यवस्था और जनकल्याण योजनाओं में कटौती
राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में संगठित अपराध पहले नहीं था, लेकिन अब सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ही 62-63 गैंग सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में हालात इतने खराब हो गए हैं कि व्यापारी डर के साए में जी रहे हैं।
“जब रोजगार नहीं मिलता, तो असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विभाजन की राजनीति होती है। हरियाणा की ताकत 36 बिरादरियों का भाईचारा है। युवा बेरोजगार, किसान परेशान, समाज बंटा हुआ है तो विकास कैसे होगा?” — बृजेंद्र सिंह
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनकल्याण की योजनाओं को लगातार खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र (PPP) का असली मकसद लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से बाहर करना है। सिंह ने श्रम विभाग में हुए 1500 करोड़ के वर्क-स्लिप घोटाले का भी जिक्र किया, जिसमें फर्जी मजदूरों के नाम पर पैसे निकाले गए।
पंजाब की राजनीति पर भी की टिप्पणी
हरियाणा के मुद्दों के साथ-साथ बृजेंद्र सिंह ने पड़ोसी राज्य पंजाब की राजनीति पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच ही होगा। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल अपने कामों के कारण हाशिये पर है और भाजपा वहां एक बड़ी ताकत नहीं है।





