हरियाणा बोर्ड 10वीं 12वीं परीक्षा 25 फरवरी से होगी शुरू, 5.71 लाख छात्र देंगे एग्जाम, एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड समेत कई नए नियम लागू

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस साल 5.71 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए बोर्ड ने नकल रोकने के मकसद से एडमिट कार्ड और प्रश्न पत्रों पर क्यूआर कोड जैसे विशेष सुरक्षा फीचर लागू किए हैं।
हरियाणा बोर्ड 10वीं 12वीं परीक्षा 25 फरवरी से होगी शुरू, 5.71 लाख छात्र देंगे एग्जाम, एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड समेत कई नए नियम लागू

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) भिवानी की वार्षिक परीक्षाओं का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इस साल 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में रिकॉर्ड 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि 10वीं के छात्र 26 फरवरी से अपनी परीक्षा देंगे। परीक्षाओं को नकल रहित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बोर्ड ने इस बार कई अत्याधुनिक सुरक्षा उपाय अपनाए हैं।

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 60 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। कुल परीक्षार्थियों में सेकेंडरी (10वीं) के 2,95,748 और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) के 2,70,663 छात्र-छात्राएं हैं। इसके अतिरिक्त, डीएलएड परीक्षा में भी 5,356 छात्र अध्यापक शामिल होंगे। 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 1 अप्रैल को समाप्त होंगी।

नकल रोकने के लिए पहली बार प्रश्न पत्र पर भी QR कोड

बोर्ड ने इस बार नकल माफिया पर नकेल कसने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदेशभर में बनाए गए करीब 1420 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 325 फ्लाइंग स्क्वॉड (उड़नदस्तों) का गठन किया गया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस बार न केवल एडमिट कार्ड पर, बल्कि हर प्रश्न पत्र पर भी एक विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है।

बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, उड़नदस्ते मौके पर ही एडमिट कार्ड के क्यूआर कोड को स्कैन कर परीक्षार्थी की फोटो और अन्य विवरणों का मिलान कर सकेंगे, जिससे फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ना आसान होगा। वहीं, प्रश्न पत्र पर लगे क्यूआर कोड से यह पता चल सकेगा कि पेपर किस केंद्र से लीक हुआ या उसकी तस्वीर वायरल की गई। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित परीक्षा केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छात्र इन नियमों का रखें खास ध्यान

बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।

सबसे पहले, सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले अपने केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या किसी भी अन्य प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

छात्रों को बोर्ड की वेबसाइट से अपने प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज के पेपर पर लेना होगा। उस पर अपना नवीनतम स्कैन किया हुआ फोटो चिपकाकर उसे सत्यापित करवाना अनिवार्य है।

“परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लेमिनेशन न करवाएं, क्योंकि इस पर प्रत्येक परीक्षा के दिन परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य हैं।” — प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, अध्यक्ष, BSEH

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए रंगीन प्रवेश-पत्र के साथ एक मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) लाना भी जरूरी है। बोर्ड ने छात्रों को यह भी सलाह दी है कि वे अपने आधार कार्ड पर अपनी नवीनतम फोटो अपडेट करवा लें ताकि पहचान में कोई समस्या न हो।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews