हरियाणा कैबिनेट बैठक: दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ाया गया दायरा, अन्य इन फैसलों पर लगी मुहर

1 जनवरी 2026 को नये साल के पहले दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। जिसमें कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
Haryana Cabinet Meeting Update

आज 1 जनवरी 2026 को नये साल के पहले दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। जिसमें कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सबसे पहले नये साल की सभी को शुभकामनाएं दी और फिर मंत्रिमंडल में लिए गए फैसलों की जानकारी दी।

ASI संदीप लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा कैबिनेट ने ASI संदीप लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है। उन्हें कैंपस स्कूल महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में पीजीटी गणित ग्रुप बी के पद पर सरकारी नौकरी दी जाएगी।

दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना दायरा बढ़ाया गया

महिला सशक्तिकरण को मजबूत करते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना (Deendayal Lado Laxmi Yojana) का दायरा बढ़ाया गया है। हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने बहनों और बेटियों के लिए जो दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की थी, उसे आज बढ़ा दिया गया है। अभी 1 लाख रुपये से कम सालाना इनकम वाले परिवारों की महिलाओं को 2,100 रुपये का फायदा मिलता है। अब 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लेकर आने वाले बच्चों की माताओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा निपुण योजना के तहत ग्रेडेशन वाली महिलाएं,बच्चों में कुपोषण या एनीमिया को रोकने वाली महिलाओं (1.8 लाख तक की वार्षिक आय वाली) के लिए भी पहल की गई। कोई बच्चा जो कुपोषित या एनीमिया ग्रस्त था, वह पोषित और स्वस्थ होकर ग्रीन जोन में आ जाता है तो ऐसी माताओं को भी मिलेगा 2100 रुपये का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में जो 2100 रुपए की राशि बहन बेटियों के खातों में जा रही हैं, उसमें से 1100 रुपए सीधे महिलाओं को मिलेंगे और 1000 रुपए सरकार रिकरिंग डिपॉजिट या फिक्स्ड डिपॉजिट करवाएगी। प्रदेश में अब तक 10 लाख 255 महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया, जिसमें में 8 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है।

गौशाला स्थापित करने के लिए जमीन देने की स्वीकृति

सीएम सैनी ने बताया कि कैबिनेट मीटिंग में पंचकूला जिले के बरवाला ब्लॉक के रत्तेवाली गांव पंचायत की जमीन को कामधेनु गौ सेवा समिति को गौशाला स्थापित करने के लिए 20 साल की अवधि के लिए पट्टे पर देने को मंजूरी प्रदान की गई।

2002 में नियुक्त 347 कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों को मिलेगा OPS और दूसरे फायदे

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य परिवहन विभाग के कर्मचारियों के हित में वर्ष 2002 में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त 347 ड्राइवर को क्वालीफाइंग सर्विस और पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने का फैसला लिया गया। ड्राइवरों को उनकी शुरुआती नियुक्ति की तारीख से रेगुलर माना जाएगा।

शुरुआती नियुक्ति की तिथि से सेवा की गणना करते हुए कर्मचारियों को एसीपी, पुरानी पेंशन योजना तथा पारिवारिक पेंशन योजना, 1964 का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) खाता खोलने सहित अन्य संबंधित लाभ भी दिए जाएंगे।

इन सभी लाभों को 31 अगस्त 2024 तक सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत किया जाएगा, जबकि वास्तविक वित्तीय लाभ 1 सितंबर 2024 से अथवा सरकार द्वारा निर्धारित किसी अन्य कट-ऑफ तिथि से देय होंगे।

इन शहरों को नगरपालिका का दर्जा

मुख्यमंत्री सैनी ने मंत्रिमंडल बैठक के बाद घोषणा है कि कुंजपुरा (करनाल) मडलौडा (पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगरपालिका को दर्जा दिया गया। इसके अलावा रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कच्ची कॉलोनियों में भूमि रजिस्ट्रियों पर लागू प्रतिबंध को और सख्त करते हुए अब एक्सचेंज के माध्यम से रजिस्ट्री पर भी पूर्ण रोक लगाई गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews