Hindi News

CM सैनी ने 107 करोड़ की योजनाएं शुरू कीं, कहा – ‘पटवारियों की भर्ती पूरी तरह से योग्यता के आधार पर, कोई भ्रष्टाचार नहीं’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 107 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। वहीं इस दौरान उन्होंने घोषणा की है कि अगले एक सप्ताह के भीतर 2500 नए पटवारी गांवों में अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे, जिनकी भर्ती पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ 'बिना पर्ची-खर्ची' हुई है।
CM सैनी ने 107 करोड़ की योजनाएं शुरू कीं, कहा – ‘पटवारियों की भर्ती पूरी तरह से योग्यता के आधार पर, कोई भ्रष्टाचार नहीं’

भिवानी जिले के तोशाम में मंगलवार को ‘उन्नत सिंचाई उत्सव’ का आयोजन किया गया है, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। वहीं इस अवसर पर सीएम सैनी ने 107 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। दरअसल उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर हरियाणा के गांवों में 2500 नए पटवारी अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इन पटवारियों की भर्ती पूरी तरह से योग्यता के आधार पर हुई है और इसमें किसी भी तरह की ‘पर्ची या खर्ची’ (भ्रष्टाचार) की कोई भूमिका नहीं रही है।

दरअसल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान खुद को एक किसान का बेटा बताया और कहा कि वे किसानों के दुख और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले किसानों को पटवारियों और तहसीलदारों द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा दिया गया है।

बता दें कि इस दौरान सीएम सैनी ने हरियाणा सरकार की पिछली भर्तियों का भी जिक्र किया। दरअसल उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 1 लाख 80 हजार युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के नौकरी दी गई है, जिसमें अकेले भिवानी जिले के 25 हजार युवा शामिल हैं। चौधरी सुरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह को भी याद किया। दरअसल उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल हरियाणा के निर्माता थे, जिन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए नहरी और लिफ्ट इरिगेशन का काम करके किसानों की किस्मत बदली है।

कांग्रेस पर निशाना साधा

वहीं इस दौरान सीएम सैनी ने आश्वासन दिया कि तोशाम के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि तोशाम के लोगों और मिट्टी में चौधरी सुरेंद्र सिंह का नाम हमेशा रहेगा, जिनका व्यक्तित्व महान था और जीवन समाजसेवा को समर्पित था। दरअसल सीएम सैनी ने इस मौके पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के समय घोषणा पत्र अक्सर ‘डस्टबीन’ में चले जाते थे, जबकि भाजपा सरकार अपने एक भी संकल्प को अधूरा नहीं छोड़ती। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में तोशाम हलके में 10,127 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं और 283 घोषणाओं में से 258 पूरी कर ली गई हैं, जबकि बाकी पर तेजी से काम जारी है। विधानसभा चुनाव में किए गए कुल 217 संकल्पों में से 60 पूरे हो चुके हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वे किसानों की चिंता न करें, क्योंकि यह काम सरकार कर रही है।

विपक्ष से लोगों में भ्रम न फैलाने की अपील की

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने विपक्ष से राजनीतिक रोटी न सेकने और लोगों में भ्रम न फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भी कोई आपदा आती है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोगों के साथ खड़े रहते हैं। युद्ध जैसी स्थितियों में भी मोदी सरकार हर भारतीय को सुरक्षित वापस लाती है। लेकिन विपक्षी दल आपदा में भी अवसर तलाशते हैं और राजनीति करते हैं। सैनी ने जोर देकर कहा कि सरकार पेट्रोल, डीजल या गैस की कमी नहीं आने देगी, और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए गैस पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से किया गया है। उन्होंने विपक्ष से गलत बयानबाजी की बजाय सरकार का सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कई नई योजनाओं की घोषणाएं भी कीं

तोशाम के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कई नई योजनाओं की घोषणाएं भी कीं। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तोशाम के उपमंडल अस्पताल को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड का जनरल अस्पताल बनाना शामिल है। इसकी विस्तृत फिजिबिलिटी जांच कराकर इसे जल्द से जल्द अपग्रेड करने का काम किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में कैरू राजकीय कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

गांवों में खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा

खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए तोशाम निर्वाचन क्षेत्र के जिन गांवों में खेल स्टेडियम की आवश्यकता है, वहां आधुनिक खेल स्टेडियमों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, चौधरी सुरेंद्र सिंह खेल स्टेडियम को अत्याधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र खेल गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बन सके। किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए नई अनाज मंडी, जुई में शेड की मरम्मत, मार्केट कमेटी कार्यालय के लिए नए कमरों का निर्माण तथा अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। मार्केट कमेटी की सड़कों के सुधार का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews