
विभिन्न विभागों, बोर्ड-निगमों और स्वायत्त संस्थानों में सेवारत हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के कर्मचारियों को तोहफा मिला है। राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार ने इन कर्मचारियों के वेतन में 5% की बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी।
इसका लाभ 1.15 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। एचकेआरएनएल ने 28 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। इसके तहत लेवल-1 से लेकर लेवल-3 में श्रेणियों के अनुसार वेतनमान तय किया गया है। एचकेआरएनएल द्वारा निर्धारित जिलों की श्रेणियों और कर्मचारियों के लेवल और अनुभव के आधार पर यह बढ़ोतरी 820 रुपये से 1540 रुपये तक मासिक होगी।
यह आदेश प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों और सरकार के अधीन अन्य एजेंसियों पर लागू होगा। हरियाणा सरकार के आदेश की प्रति प्रदेश के सभी प्रशासनिक सचिव, विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्त, उपायुक्त, बोर्ड निगम और विश्वविद्यालयों को अग्रेषित की गई है।
कर्मचारियों के वेतन में कितनी होगी वृद्धि
आदेश के अनुसार, पहली कैटेगरी के जिलों में लेवल-1 के 5 साल तक के अनुभव वाले कर्मचारियों को 21 हजार 950, 10 साल तक पुराने कर्मचारियों को 24 हजार 150 और इससे अधिक अनुभव वाले कर्मचारियों को 26 हजार 340 रुपये मिलेंगे। लेवल-2 में वेतन की दरें क्रमश: 25 हजार 830, 28 हजार 420 और 31 हजार रुपये तथा लेवल-3 में क्रमश: 26 हजार 570, 29 हजार 230 और 31 हजार 890 रुपये रखी गई हैं।
दूसरी कैटेगरी के जिलों में लेवल-1 में 5 साल तक अनुभव वाले कर्मचारियों को 19 हजार 380, दस साल तक के अनुभव पर 21 हजार 320 और इससे अधिक अनुभवी कर्मचारियों को 23 हजार 260 रुपये मिलेंगे। लेवल-2 में वेतन दरें क्रमश: 23 हजार 160, 25 हजार 480 और 27 हजार 800 रुपये तथा लेवल-3 में 23 हजार 940, 26 हजार 340 और 28 हजार 730 रुपये होंगी
तृतीय कैटेगरी में जिलों में लेवल-1 कर्मचारियों को 5 साल के अनुभव पर 17 हजार 910, दस साल तक के अनुभव पर 19 हजार 700 तथा इससे अधिक अनुभवी कर्मचारियों को 21 हजार 500 रुपये दिए जाएंगे। लेवल-2 में वेतन की दरें क्रमश: 21 हजार 840, 24 हजार और 26 हजार 210 तथा लेवल-3 कर्मचारियों के लिए 22 हजार 530, 24 हजार 790 और 27 हजार 40 रुपये रखी गई हैं।
किस कैटगरी में कौन से जिले
- कैटेगरी-1: गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत और दिल्ली-चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सरकार के कार्यालय।
- कैटेगरी-2: पानीपत, हिसार, करनाल, अंबाला, रोहतक, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, झज्जर, पलवल, यमुनानगर, भिवानी, जींद और कैथल।
- कैटेगरी-3: महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा, नूंह और चरखी दादरी।


