हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में सोमवार को नगर परिषद के तीन मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हरियाणा सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भीम सिंह प्रणामी, अमित कौशिक और लोक गायिका राजबाला को पार्षद नियुक्त किया है।
तीनों मनोनीत पार्षदों ने नगर की सफाई, विकास और जनता के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।
सफाई व्यवस्था को सुधारना प्राथमिकता
तीनों मनोनीत पार्षदों ने सबसे पहले शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने की बात कही। उन्होंने कहा कि नालियों, गलियों और सड़कों की साफ-सफाई को लेकर नगर परिषद की ओर से जो भी ज़िम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा। भीम सिंह प्रणामी ने कहा, “हमारा पहला लक्ष्य है कि बहादुरगढ़ एक साफ़-सुथरा और सुंदर शहर बने।” वहीं अमित कौशिक और राजबाला ने भी सफाई अभियान को तेज़ करने की बात दोहराई।
जनता के भरोसे को निभाएंगे: मनोनीत पार्षद
पार्षदों ने यह भी कहा कि सरकार और पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। लोक गायिका राजबाला ने कहा, “मैं जनता की बेटी हूं, और अब पार्षद बनकर उनकी सेवा करूंगी।” वहीं अमित कौशिक ने कहा, “यह पद मेरे लिए जिम्मेदारी है, सिर्फ सम्मान नहीं। मैं दिन-रात जनता के बीच रहकर काम करूंगा।”
सरोज राठी और दिनेश कौशिक ने दी शुभकामनाएं
नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी और भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। सरोज राठी ने कहा कि शहर के विकास में पार्षदों की भागीदारी अहम होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों के अनुसार नगर परिषद कार्रवाई करेगी। दिनेश कौशिक ने कहा, “यह सरकार हर कार्यकर्ता और जनता की सेवा में विश्वास रखती है। हम सब मिलकर बहादुरगढ़ को एक आदर्श शहर बनाएंगे।”
15 अगस्त से पहले सफाई और विकास को लेकर तैयारी
चेयरपर्सन सरोज राठी ने जानकारी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग टीमों को काम सौंपा गया है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि 15 अगस्त से पहले पूरे शहर की सड़कों की सफाई पूरी हो जाए।” उन्होंने यह भी बताया कि नगर परिषद में जल्द ही बोर्ड की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विकास कार्यों और बजट को लेकर जरूरी फैसले लिए जाएंगे। कई विकास योजनाओं के टेंडर प्रक्रिया में हैं और जल्द ही ज़मीन पर काम शुरू हो जाएगा।





